Bermo: बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल स्थित स्वामी विवेकानंद मैदान में प्रतिभा खोज युवा क्लब के तत्वावधान में आयोजित समर कैंप में गुरुवार को स्कूली बच्चों एवं एथलीटों ने स्थानीय लोहा पुल स्थित कोनार नदी में स्वीमिंग एवं नहाने का जमकर लुत्फ उठाया. इसके पूर्व स्वामी विवेकानंद मैदान से सभी बच्चों एवं एथलीटों को क्लब के कोच शिबू प्रजापति ने पैदल कोनार नदी लेकर पहुंचे. कोच एवं अन्य सहयोगी कोचों द्वारा पानी में बैरेकेटिंग की गई थी, ताकि छोटे बच्चे नदी के गहरे पानी में ना जायें.

बच्चों की मस्ती एवं शोर से पूरा नदी घाट गुंजायमान हो रहा था और आने जाने वाले लोग भी रुककर बच्चों को पानी में मस्ती करते देख प्रसन्न हो रहे थे. बच्चों ने पूछे जाने पर कहा कि उन्होंने पानी में जमकर मस्ती की, जो कि याद रहेगा. प्रशिक्षण के दौरान कोच शिबू प्रजापति ने सभी को शारीरिक वर्क आउट करने के बाद अपने शरीर को कैसे फलेक्सेबल रखना है उसकी जानकारी दी.
यह भी पढ़ें: बोकारो थर्मल डीवीसी अस्पताल में डाॅक्टर द्वारा इलाज में देरी का आरोप, मरीज की मौत के बाद परिजनों का हंगामा
