Hazaribagh : कटकमदाग अंचल कार्यालय में कथित रूप से लंबित दाखिल खारिज मामले को लेकर टावर पर चढ़े युवक के प्रकरण पर अब सीएम ने संज्ञान लिया है. सीएम हेमंत सोरेन ने मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
गौरतलब है कि हजारीबाग जिले के कटकमदाग अंचल क्षेत्र में एक युवक ने आरोप लगाया था कि उसकी जमीन का दाखिल खारिज नहीं किया जा रहा है. युवक का कहना था कि वह सालों से जमीन पर खेती कर रहा है, लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है. अपनी मांगों को लेकर वह मोबाइल टावर पर चढ़ गया और चेतावनी दी कि अगर दाखिल खारिज नहीं हुआ तो वह टावर से कूद जाएगा.

सोशल मीडिया के जरिये सीएम ने लिया संज्ञान
मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया के माध्यम से हजारीबाग उपायुक्त को तत्काल संज्ञान लेने और पूरे मामले की जांच करने का निर्देश दिया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही या दोष सिद्ध होता है तो उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाये. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सभी उपायुक्त यह सुनिश्चित करें कि किसी भी अंचल में म्यूटेशन के मामले निर्धारित समय सीमा से अधिक लंबित न रहें. उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था को जवाबदेह बनाते हुए आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया.
हरकत में आया जिला प्रशासन
इधर मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है. अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट और प्रशासन द्वारा की जाने वाली आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मामला केवल एक व्यक्ति की समस्या नहीं, बल्कि राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों के समयबद्ध निष्पादन की व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल खड़े करता है.
