Vinit/Saurav

Ranchi : झारखंड में प्रतिबंधित आतंकी संगठन एक विशेष सामाजिक संगठन के जरिये अपना नेटवर्क फैला रहा है. यह चौंकाने वाला खुलासा एटीएस की एक रिपोर्ट में हुआ है. एटीएस की रिपोर्ट के मुताबिक रांची और रामगढ़ जिले के साथ साथ अन्य जिलों में सक्रीय रूप से युवाओं के बीच काम कर रहे एक संगठन में कई ऐसे लोग भी जुड़े हैं, जिनके तार पहले प्रतिबंधित आतंकी संगठनों के साथ जुड़े थे. एटीएस झारखंड में काफी समय से वैसे लोगों पर नजर रख रही थी, जिनके तार अंतर्राष्ट्रीय आतंकी संगठनों से जुड़े हैं.
जेल जाने वालों की सूची भी तैयार
इसके साथ ही एटीएस ने वैसे लोगों की सूचि भी तैयार की है जो आतंकी कनेक्शन में जेल जा चुके है. एटीएस के पास कथित सामाजिक संगठन से जुड़े लगभग एक दर्जन से ज्यादा संदिग्धों के नाम और डिटेल्स है. इन्हीं संदिग्धों की ट्रेकिंग में एटीएस को यह जानकारी मिली है कि सामाजिक संगठन में जुड़े जो शख्स पहले सिमी जैसे आतंकी संगठन से जुड़े थे, लेकिन अब कथित सामाजिक संगठन से जुड़ गए हैं और उस संगठन में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं.
रिपोर्ट के बाद झारखंड पुलिस और अन्य एजेंसियां अलर्ट मोड पर
एटीएस के रिकॉर्ड के मुताबिक एक दर्जन में से पांच लोग पहले सिमी नाम के आतंकी संगठन से जुड़े हुए थे. इसमें से एक शख्स का नाम हामिद है और दूसरे का नाम भुट्टो है. इसके अलावा वसीम अकरम, मुजम्मिल शाह और शाहनवाज नाम का शख्स भी शामिल है. सभी झारखंड के ही रहने वाले हैं और इनका आतंकी कनेक्शन भी रहा है. सामाजिक संगठन से जुड़ा एक संदिग्ध झारखंड में एक स्कुल चलाने का भी काम कर रहा है. एटीएस की इस रिपोर्ट के बाद झारखंड पुलिस और अन्य एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं, और उस सामाजिक संगठन से जुड़े लोगों और उसके कामकाज पर पैनी नजर रखी जा रही है. एटीएस ने इस पुरे मामले की जानकारी पुलिस मुख्यालय को भी दी है.
बता दें कि झारखंड का आतंकी कनेक्शन काफी समय पहले से रहा है. पटना के गांधी मैदान में हुए ब्लास्ट से लेकर देश में अन्य कई जगहों पर दहशत फ़ैलाने के लिए किये गए ब्लास्ट और अन्य आतंकी घटनाओं में झारखंड का कनेक्शन दिख चुका है.
झारखंड से हाल में हुई आतंकी संगठन से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी
- 18 जनवरी 2016 : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित धतकीडीह निवासी अब्दुल समी को हरियाणा से दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था.
- 25 जनवरी 2016 : जमशेदपुर के धातकीडीह से मसूद और अख्तर गिरफ्तार हुआ था. उसके पास से हथियार बरामद हुआ.
- 09 अगस्त 2017 : अलकायदा के संदिग्ध आतंकी जमशेदपुर आजादनगर निवासी जीशान अली को दिल्ली की स्पेशल टीम ने गिरफ्तार किया था.
- 25 दिसंबर 2020 : अंडरवर्ल्ड सरगना दाउद इब्राहिम के करीबी मोस्ट वांटेड अब्दुल माजिद कुट्टी को गुजरात एटीएस ने जमशेदपुर से गिरफ्तार किया.
- 15 मार्च 2022 : गिरिडीह जिला के गावां थाना क्षेत्र का रहने वाला इनामुलहक उर्फ इनाम इम्तियाज का नाम आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जु़ड़ा था. उसे यूपी एटीएस ने गिरफ्तार किया था.
- 18 जुलाई 2023 : लोहरदगा में आईबी, एनआईए और दिल्ली पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर आईएसआईएस का आतंकवादी शहबाज को गिरफ्तार किया था.
- अप्रैल 2025 : धनबाद के वासेपुर से हिज्ब-उत-तहरीर और ISIS से जुड़े स्लीपर सेल के पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया था.
- 02 मई 2025 : झारखंड आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) ने धनबाद में इंडियन मुजाहिदीन (आईएम) के पूर्व सदस्य अम्मार याशर को हिज्ब-उत-तहरीर के झारखंड मॉड्यूल की जांच के दौरान गिरफ्तार किया था.
- 10 सितम्बर 2025 : दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और झारखंड एंटी-टेरेरिस्ट स्क्वॉड ( ATS )ने रांची पुलिस के साथ मिलकर एक ज्वाइंट ऑपरेशन में एक संदिग्ध ISIS आतंकी को गिरफ्तार किया था. इस आतंकी को रांची के इस्लामनगर इलाके से गिरफ्तार किया गया था. पुलिस ने आरोपी के पास के कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी बरामद की है.
ALSO READ : राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल और अजय शर्मा को बनाया झारखंड़ का पर्यवेक्षक
