Ranchi: धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार आज हरिहरपुर थाना पहुंचे. इसके बाद बरामद आठ मोबाइल को लोगों को लौटाया. मोबाइल मिलते ही लोगों के चेहरे खिल उठे. मोबाइल पाकर लोगों ने धनबाद पुलिस को आभार जताया है. इस दौरान धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था और लंबित मामलों को जल्द से जल्द निष्पादित करने का निर्देश दिया है.
मोबाइल चोरी होने पर तत्काल संबंधित थाना को सूचित करें
एसएसपी ने कहा कि आधुनिक तकनीक की मदद से गुम एवं चोरी हुए मोबाइलों की ट्रैकिंग कर उन्हें बरामद किया जा रहा है. उन्होंने आम लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर तत्काल संबंधित थाना में सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके. मौके पर एसएसपी प्रभात कुमार ने हरिहरपुर थाना का निरीक्षण भी किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेख संधारण, लंबित मामलों के निष्पादन तथा आम जनता से जुड़े मामलों की समीक्षा की. उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तेज करने तथा आम नागरिकों के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान भी उपस्थित थे.

