Ranchi: रूडसेट संस्थान, सिल्ली, रांची ने ग्रामीण युवाओं एवं कृषकों को उन्नत बागवानी तकनीकों के माध्यम से स्वरोजगार एवं आयवृद्धि से जोड़ने के उद्देश्य से 13 दिवसीय “कमर्शियल हॉर्टीकल्चर” प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया. यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 23 अप्रैल से 23 मई तक आयोजित हुआ, जिसमें कुल 25 प्रशिक्षुओं ने सक्रिय सहभागिता करते हुए सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त किया. प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को फल, सब्जी एवं पुष्प उत्पादन, नर्सरी प्रबंधन, पौध रोपण तकनीक, जैविक खेती, उर्वरक एवं कीट प्रबंधन, सिंचाई प्रबंधन, संरक्षित खेती (प्रोटेक्टेड कल्टिवेशन), फसल कटाई उपरांत प्रबंधन तथा विपणन संबंधी आधुनिक तकनीकों का विस्तृत सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया.
यह भी पढ़ें: बुंडू पुलिस को बड़ी सफलता, दो अलग-अलग मामलों में फरार 2 आरोपी गिरफ्तार
आधुनिक बागवानी तकनीक की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के माध्यम से प्रशिक्षुओं को आधुनिक बागवानी तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ, जिससे उनमें व्यावसायिक खेती एवं उद्यम स्थापना के प्रति जागरूकता और आत्मविश्वास विकसित हुआ. प्रतिभागियों ने उन्नत कृषि पद्धतियों एवं उत्पादन प्रबंधन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल की. इसके अलावा प्रशिक्षण में उद्यमिता विकास, परियोजना निर्माण, बैंक ऋण योजनाएं, वित्तीय साक्षरता, डिजिटल भुगतान प्रणाली, विपणन प्रबंधन एवं स्वरोजगार स्थापना से संबंधित विशेष सत्र भी आयोजित किए गए. इन सत्रों के जरिए प्रशिक्षुओं को बागवानी आधारित व्यवसाय शुरू करने एवं सफल उद्यमी बनने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया.
यह भी पढ़ें: ‘झारखंड में बेटियां असुरक्षित! मानव तस्करों का गढ़ बनता जा रहा राज्य’, सरकार पर बरसीं भाजपा प्रवक्ता राफिया नाज
समापन समारोह में प्रमाण-पत्र वितरित
23 मई 2026 को आयोजित समापन समारोह में रांची जिला के जिला परियोजना प्रबंधक (DPM) अभिषेक चंद तथा जिला प्रबंधक– उद्यमिता प्रोत्साहन (DM-EP) प्रमोद कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. इस अवसर पर सभी 25 प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण पूर्णता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल स्वरोजगार के लिए शुभकामनाएं दी गई.
