Ranchi: राज्यसभा चुनाव के बाद महागठबंधन के भीतर बढ़ी तल्खी के बीच झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने RJD नेताओं द्वारा कांग्रेस और झारखंड प्रभारी के. राजू पर की गई टिप्पणियों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. कांग्रेस ने इन बयानों को निराधार और दुर्भावनापूर्ण बताया है. कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि आरजेडी के कुछ नेताओं के बयान न केवल बिना आधार के हैं, बल्कि महागठबंधन की राजनीतिक मर्यादा के भी खिलाफ हैं. उन्होंने कहा कि यदि किसी दल को अपने ही नेताओं पर भरोसा नहीं है, तो उसकी नाराजगी कांग्रेस पर निकालना उचित नहीं है.
कांग्रेस ने क्या कहा?
राकेश सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है और अपने संगठनात्मक मामलों को संभालने में पूरी तरह सक्षम है. ऐसे में पार्टी के आंतरिक मामलों या कथित गुटबाजी पर टिप्पणी करना आरजेडी नेताओं के अधिकार क्षेत्र से बाहर है. उन्होंने झारखंड प्रभारी के. राजू के खिलाफ की गई व्यक्तिगत टिप्पणियों को भी गलत बताया और कहा कि बिना सबूत किसी वरिष्ठ नेता को “बिकाऊ” कहना राजनीतिक शालीनता के खिलाफ है. कांग्रेस नेता ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के नतीजों और मतदान प्रक्रिया को लेकर सवाल खुद आरजेडी के भीतर भी उठ रहे हैं. ऐसे में अपनी जिम्मेदारी तय करने के बजाय कांग्रेस पर आरोप लगाना ध्यान भटकाने की कोशिश है.
संयम बरतने की अपील
राकेश सिन्हा ने RJD नेतृत्व से अपने नेताओं को संयमित भाषा का इस्तेमाल करने और गठबंधन धर्म का पालन सुनिश्चित कराने की अपील की. उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठे आरोपों और राजनीतिक दबाव से प्रभावित होने वाली नहीं है. उन्होंने कहा, “जो लोग अपने घर के सवालों का जवाब नहीं दे पा रहे हैं, वे दूसरों पर आरोप लगाकर जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं.” कांग्रेस ने साफ कहा कि वह सिद्धांतों और सच्चाई की राजनीति करती है और इस तरह के आरोपों से प्रभावित नहीं होगी.
ALSO READ:नशामुक्त गिरिडीह का संकल्प. मीडिया, महिलाओं और युवाओं की भागीदारी से चलेगा जन-जागरूकता अभियान



