Ranchi: रांची: झारखंड में आगामी राजनीतिक चुनौतियों और चुनावी तैयारियों के बीच कांग्रेस ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (All India Congress Committee-AICC) के झारखंड प्रभारी और सीडब्ल्यूसी (Congress Working Committee-CWC) के स्थायी आमंत्रित सदस्य के. राजू (K. Raju) 2 जुलाई से 6 जुलाई 2026 तक राज्य के पांच दिवसीय व्यापक दौरे पर रहेंगे. इस दौरान उनका मुख्य जोर जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय करने और बूथ को सशक्त बनाने पर होगा.
पांच जिलों का करेंगे सघन दौरा
प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बताया कि प्रभारी श्री के. राजू अपने दौरे के दौरान रांची, लातेहार, पलामू, रामगढ़ और हजारीबाग जिलों में पार्टी के आधार को परखेंगे. वे पंचायत से लेकर जिला स्तर तक के पदाधिकारियों, जीपीसीसी (Jharkhand Pradesh Congress Committee-GPCC) सदस्यों और विभिन्न कमेटियों के साथ मैराथन बैठकें करेंगे. इन बैठकों में संगठन की मजबूती, बूथ सशक्तिकरण और आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी. प्रभारी कार्यकर्ताओं और आम जनता से भी सीधा संवाद स्थापित कर फीडबैक लेंगे.

Also Read: IPS अमित कुमार बने SPG के नए ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी, झारखंड में आईजी CRPF का संभाल चुके हैं कमान
5 जुलाई को होगी महा-समीक्षा बैठक
दौरे के अंतिम पड़ाव पर, 5 जुलाई को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक बुलाई गई है. इसमें एसआईआर समिति के सदस्यों, प्रदेश पदाधिकारियों, जिला प्रभारियों, अध्यक्षों के साथ ही सभी मोर्चा और विभागों के पदाधिकारी शामिल होंगे. इस बैठक में पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने के लिए भविष्य की ठोस रणनीति तैयार की जाएगी, जो आने वाले समय में राज्य की राजनीति में कांग्रेस की स्थिति को और मजबूत करने का आधार बनेगी.


