Gumla: गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि जिले में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं द्वारा श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई. जिला अध्यक्ष राजनील तिग्गा की अध्यक्षता में लोहरदगा रोड स्थित उनके आवासीय कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया.

युवाओं को राजनीति और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में राजीव गांधी का महत्वपूर्ण योगदान
मौके पर जिला अध्यक्ष राजनील तिग्गा ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माता थे. उन्होंने देश को तकनीक, दूरसंचार और कंप्यूटर क्रांति की दिशा में आगे बढ़ाने का काम किया. युवाओं को राजनीति और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा. उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने हमेशा देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य किया, जिसे देश कभी भुला नहीं सकता. उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि युवा पीढ़ी राजीव गांधी के विचारों और आदर्शों को अपनाकर देश निर्माण में अपनी भागीदारी निभाए.
कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके पदचिह्नों पर चलने तथा संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया. कार्यक्रम में रोहित उरांव, रूपेश कुमार, मिनहाज खान, शाहजहां अंसारी, जय सिंह, गुलाम सरवर, जोय कुजूर, सगीर आलम, हर्षराज एक्का सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: हाथी आतंक से सहमे ग्रामीण. वृद्ध महिलाओं को खटिया सहित घसीटा, विधायक के बयान पर बढ़ा आक्रोश
