Click Here
Click Here
Click Here

हाथी आतंक से सहमे ग्रामीण. वृद्ध महिलाओं को खटिया सहित घसीटा, विधायक के बयान पर बढ़ा आक्रोश

Saraikela: दलमा वन्य प्राणी अभ्यारण्य से सटे ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांवों में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है....

Saraikela: दलमा वन्य प्राणी अभ्यारण्य से सटे ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांवों में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. बुधवार देर रात करीब एक बजे चांडिल प्रखंड के हिरमिली-दालग्राम गांव में एक विशाल ट्रस्कर हाथी के घुस आने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई. गर्मी के कारण घर के बाहर खटिया पर सो रही करीब 70 और 75 वर्षीय दो वृद्ध महिलाओं को हाथी ने खटिया सहित घसीट दिया. ग्रामीणों के शोर मचाने पर हाथी उन्हें छोड़कर भाग गया. दोनों महिलाओं को हल्की चोटें आई हैं. ग्रामीणों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया.

राशन दुकान तोड़ी, खेतों को पहुंचाया नुकसान

ग्रामीणों के अनुसार हाथी ने दालग्राम निवासी बुद्धेश्वर तंतूबाई की राशन दुकान की खिड़की तोड़कर चावल और अन्य खाद्य सामग्री खा ली. इसके बाद हाथी धान के खेत में घुस गया और फसल को नुकसान पहुंचाया. काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने टॉर्च की रोशनी और शोरगुल कर हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा.

कदमडीह में दो घंटे तक मंडराता रहा हाथी

ग्रामीणों ने बताया कि हाथी बाद में चांडिल गोलचक्कर मुख्य सड़क और रेलवे ट्रैक पार कर कदमडीह पहुंच गया, जहां वह सिंह जी के घर के आसपास करीब दो घंटे तक मंडराता रहा. इससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई. ग्रामीण रातभर जागकर पहरा देते रहे.

Also Read: 13 महीने से मानदेय नहीं: 38 हजार आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाएं संकट में, पोषाहार व्यवस्था भी उधारी के सहारे

वन विभाग पर लापरवाही के आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद वन विभाग की टीम काफी देर से पहुंची. जब तक टीम मौके पर पहुंची, तब तक हाथी नुकसान पहुंचाकर जंगल की ओर लौट चुका था. लोगों का कहना है कि दलमा से निकलने वाले हाथियों का मूवमेंट अब रोज की समस्या बन चुका है, लेकिन रोकथाम के लिए कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है.

विधायक के बयान से बढ़ी नाराजगी

इधर हाथी आतंक को लेकर स्थानीय विधायक के एक कथित बयान के बाद ग्रामीणों का गुस्सा और बढ़ गया है. बताया जा रहा है कि विधायक ने कहा कि “हाथी जंगल का हिस्सा हैं, ग्रामीणों को उनके साथ जीना सीखना होगा.” इस बयान के बाद दालग्राम, कदमडीह और आसपास के ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि समस्या के समाधान के बजाय उन्हें नसीहत दी जा रही है.

ग्रामीणों ने रखी सुरक्षा और मुआवजे की मांग

ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित परिवारों को जल्द मुआवजा देने, सोलर फेंसिंग लगाने और ट्रैकर दल की स्थायी तैनाती की मांग की है. साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क जाम कर प्रदर्शन किया जाएगा.

वन विभाग ने जारी की अपील

फिलहाल वन विभाग की टीम हाथी को दलमा सेंचुरी की ओर खदेड़ने में जुटी हुई है. विभाग ने ग्रामीणों से रात के समय सतर्क रहने और अकेले बाहर नहीं निकलने की अपील की है.

WhatsApp-Image-2026-06-15-a
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *