धान के गोदाम में चल रही थी नकली विदेशी शराब की फैक्ट्री, पुलिस और उत्पाद विभाग के छापे में बड़ा खुलासा

    Giridih: गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड के भरकट्टा ओपी क्षेत्र के चिताखारो गांव में धान के गोदाम को सेफ जोन...

 

 

Giridih: गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड के भरकट्टा ओपी क्षेत्र के चिताखारो गांव में धान के गोदाम को सेफ जोन बनाकर बड़े पैमाने पर नकली विदेशी शराब तैयार करने की फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा था. इस पूरे मामले का खुलासा उत्पाद विभाग की टीम और पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से की गई छापेमारी के बाद हुआ.

धान के गोदाम को बनाया गया था सेफ जोन

बताया गया कि शराब माफियाओं द्वारा चिताखारो गांव स्थित एक धान के गोदाम को सुरक्षित ठिकाना बनाकर वहां अवैध रूप से नकली विदेशी शराब तैयार की जा रही थी. इसकी सूचना उत्पाद विभाग को मिली, जिसके बाद टीम ने भरकट्टा ओपी पुलिस के सहयोग से उक्त स्थल पर छापेमारी की.

छापेमारी के दौरान जब टीम गोदाम के अंदर पहुंची, तो वहां चल रही अवैध शराब फैक्ट्री को देखकर अधिकारियों और कर्मचारियों के होश उड़ गए. इसके बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया और जांच की प्रक्रिया शुरू की गई.

 

34 पेटी नकली शराब समेत बड़ी मात्रा में सामान जब्त

कार्रवाई के दौरान टीम ने आइकॉनिक ब्रांड और रॉयल चैलेंज ब्रांड की कुल 34 पेटी नकली विदेशी शराब जब्त की. इसके अलावा एक ट्रैक्टर में भरी खाली शराब की बोतलें और 6 गैलेन नकली शराब भी मौके से बरामद की गई. जब्त की गई सामग्री की कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है.

ALSO READ: NewsWave Expose: मरीजों की जान से खिलवाड़, फाइलों में भरा भंडार, राज्य के अस्पतालों में 200 करोड़ की दवाओं का घोटाला, विभाग चुप्प

गिरफ्तारी नहीं, माफियाओं की तलाश जारी

हालांकि इस छापेमारी अभियान के दौरान किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है. वहीं, उत्पाद विभाग की टीम अब शराब माफियाओं को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने में जुट गई है. प्रशासन इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई में लगा हुआ है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *