Chatra: जिले में सक्रिय नशे के सौदागरों और अफीम तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चतरा पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने करीब 17 लाख रुपए मूल्य की 2 किलो 900 ग्राम गीली अवैध अफीम के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह के एक कुरियर को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सदर थाना क्षेत्र के सिक्किद गांव निवासी अनिल कुमार यादव के रूप में हुई है.

दिल्ली भेजी जा रही थी अफीम की खेप
समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनिमेष नैथानी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि चतरा-जोरी की ओर से एक युवक सवारी टेम्पो में अवैध अफीम लेकर गया (बिहार) होते हुए दिल्ली जाने वाला है. सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. टीम ने झारखंड-बिहार सीमा पर स्थित गोसाईडीह के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया.
वाहन जांच के दौरान एक सवारी टेम्पो को रोकते ही उसमें बैठा युवक काले रंग का पीठू बैग लेकर भागने लगा. मौके पर मौजूद पुलिस जवानों ने खदेड़कर उसे पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उसके बैग से 2 किलो 900 ग्राम गीली अफीम, दो मोबाइल फोन और 1200 रुपए नकद बरामद किए गए.
कुरियर बनाकर कराई जा रही थी सप्लाई
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार युवक को बड़े अफीम माफियाओं द्वारा कुरियर के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था. दिल्ली पहुंचने के बाद मोबाइल के माध्यम से उसे आपूर्ति स्थल और खरीदार की जानकारी दी जानी थी. पूछताछ में गिरोह से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं और आपूर्तिकर्ता की पहचान भी कर ली गई है. पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
दिल्ली, बिहार, पंजाब और हरियाणा तक जुड़े हैं तार
एसपी ने कहा कि चतरा के तस्करों के तार दिल्ली, बिहार, पंजाब और हरियाणा तक जुड़े हुए हैं. गिरफ्तार आरोपी पहले भी कई राज्यों में अफीम की आपूर्ति कर चुका है. तस्करों को चेतावनी देते हुए कहा कि माफियाओं और तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर ऐसे अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा. इस अभियान में संदीप कुमार सुमन, इंस्पेक्टर विपिन कुमार, प्रभात कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक दिलीप कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान और चौकीदार शामिल थे.
