Saraikela: कपाली ओपी पुलिस ने क्षेत्र में बढ़ती अवैध गतिविधियों पर लगाम कसते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद तौसीफ (21) को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है.
छापेमारी में देसी कट्टा और कारतूस बरामद
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में चल रहे लगातार अभियान का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके तहत नशा, अड्डाबाजी और अवैध हथियार रखने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है. प्रेसवार्ता कर जानकारी देते हुए एसडीपीओ अरविंद बिन्हा (Binha) ने बताया कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलते ही कपाली पुलिस ने टीम गठित कर छापेमारी की गई. पुलिस ने रणनीतिक तरीके से घेराबंदी कर युवक को दबोचा. तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ. इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई.
ALSO READ:हजारीबाग-बरही मार्ग पर सफर होगा आसान, इचाक में 53.83 करोड़ की लागत से बनेगा फ्लाईओवर
एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे. आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. छापेमारी दल में सब इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम, एएसआई मनोज कुमार मिश्रा सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
