Bokaro: बेरमो अनुमंडल अंतर्गत नावाडीह थाना क्षेत्र के बाराडीह पंचायत में शनिवार की रात साढ़े सात बजे एक बड़ी वारदात टल गई. रिवॉल्वर के साथ गांव में घूम रहे दो युवकों को स्थानीय ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ लिया और जमकर धुनाई करने के बाद उन्हें नावाडीह पुलिस के हवाले कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही नावाडीह थाना के एएसआई राहुल कुमार और विक्रेश सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों के चंगुल से दोनों युवकों को छुड़ाकर गिरफ्तार कर थाना ले आए. घटना के बाद से पूरे बाराडीह गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होती रही. घटना को लेकर दहशत का माहौल है.
यह भी पढ़ें: रांची विश्वविद्यालय में डॉ. राज कुमार शर्मा को मिली कुलसचिव की जिम्मेदारी
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी रजनीश कुमार अपने एक दोस्त के साथ बाराडीह गांव में शराब पीने आया हुआ था. इसी दौरान उसकी गांव के ही एक युवक से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ते ही आरोपी युवक ने तैश में आकर अपने पास रखी रिवॉल्वर निकाल ली और पीड़ित युवक को गोली मार देने की धमकी दी. हथियार देखकर युवक बुरी तरह डर गया और चुप हो गया, जिसके बाद दोनों आरोपी आगे बढ़ गए. हालांकि, पीड़ित ने हिम्मत दिखाते हुए गांव के अन्य युवाओं को इसकी जानकारी दी. देखते ही देखते ग्रामीणों ने शोर मचाकर आस-पास के लोगों को जुटाया और दोनों आरोपियों की घेराबंदी कर उन्हें पंचायत भवन के समीप दबोच लिया. ग्रामीणों ने पहले तो दोनों की जमकर क्लास लगाई और फिर स्थानीय मुखिया प्रदीप वर्मा की उपस्थिति में उनके पास मौजूद रिवॉल्वर को जब्त कर लिया. इसके बाद मामले की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई. ग्रामीणों के अनुसार दोनों आरोपी युवक मूल रूप से बाघमारा के निवासी हैं और काफी लंबे समय से नावाडीह थाना क्षेत्र के दहियारी में अपने एक रिश्तेदार के घर पर रह रहे थे. पुलिस फिलहाल दोनों से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.

यह भी पढ़ें: गिरिडीह : URB हॉस्पिटल का उद्घाटन, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा- ‘रिम्स-2 बनेगा एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल’


