Giridih: इसरी बाजार में शनिवार को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यूआरबी हॉस्पिटल का भव्य उद्घाटन किया गया. उद्घाटन समारोह में झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी तथा डुमरी विधायक जयराम महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. इस अवसर पर अस्पताल के संचालक गुलाम हसन, स्थानीय जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, समाजसेवी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे. उद्घाटन के बाद आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं और भविष्य की परियोजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है और आने वाले समय में राज्य के लोगों को देश के बड़े महानगरों की तरह चिकित्सा सुविधाएं अपने ही राज्य में उपलब्ध होंगी. मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना रिम्स-2 का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने दावा किया कि इसके निर्माण के बाद यह अस्पताल एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल बनेगा. उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए लगभग 12 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है. राज्य सरकार ने इस परियोजना को पूरा करने के लिए ऋण लेकर काम शुरू किया है और इसके लिए केंद्र सरकार से किसी प्रकार की आर्थिक सहायता नहीं ली गई है.
यह भी पढ़ें चाईबासा: शीतला पूजा महोत्सव का दूसरा दिन, माउलअम्मा मां के स्वरूप में सजी माता, दर्शन से निहाल हुए श्रद्धालु:
हेमंत सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं पर दे रही ध्यान
डॉ. अंसारी ने कहा कि रिम्स-2 बनने के बाद झारखंड के मरीजों को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी. गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए लोगों को दिल्ली, मुंबई, चेन्नई या अन्य बड़े शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा. अत्याधुनिक मशीनें, विशेषज्ञ चिकित्सक और उन्नत चिकित्सा तकनीक एक ही परिसर में उपलब्ध होगी, जिससे राज्य के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा. स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य सरकार की स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि अबुआ हेल्थ कार्ड योजना के तहत राज्य के गरीब और जरूरतमंद लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा प्रदान की जा रही है. पहले इस योजना के तहत इलाज की सीमा 5 लाख रुपये थी, जिसे बढ़ाकर 15 लाख रुपये कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि यह फैसला गरीब परिवारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा. गंभीर बीमारियों के इलाज में आने वाले भारी खर्च को देखते हुए सरकार ने यह कदम उठाया है ताकि किसी भी परिवार को आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सोच व्यापक और दूरदर्शी है तथा उनकी प्राथमिकता राज्य के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है. कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने राजनीतिक मुद्दों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि रिम्स-2 जैसी बड़ी परियोजनाओं को लेकर विपक्ष, विशेषकर भाजपा, अनावश्यक आलोचना कर रही है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास के कार्यों में जुटी है, जबकि विपक्ष केवल राजनीतिक बयानबाजी में लगा हुआ है.

यह भी पढ़ें: स्कूल की घुड़सवारी क्लास बनी हादसे का मैदान, 5वीं के छात्र को 7 फ्रैक्चर
सुलभ स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर
वहीं, समारोह को संबोधित करते हुए डुमरी विधायक जयराम महतो ने यूआरबी हॉस्पिटल की स्थापना को क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी. ऐसे में इसरी बाजार जैसे क्षेत्र में आधुनिक अस्पताल का खुलना स्थानीय लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगा. विधायक ने कहा कि अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों के साथ-साथ आईसीयू सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे गंभीर मरीजों का इलाज स्थानीय स्तर पर ही संभव हो सकेगा. उन्होंने उम्मीद जताई कि अस्पताल क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगा और मरीजों को दूर-दराज के शहरों में भटकना नहीं पड़ेगा. कार्यक्रम के अंत में यूआरबी हॉस्पिटल के संचालक गुलाम हसन ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य लोगों को बेहतर, सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि अस्पताल में मरीजों के इलाज और देखभाल के लिए हर संभव आधुनिक सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी.


