हजारीबाग में अपराध समीक्षा बैठक, महिला अपराध व पॉक्सो के मामलों को 60 दिनों में निपटाने का लक्ष्य

Hazaribagh: पुलिस अधीक्षक हजारीबाग की अध्यक्षता में मंगलवार को जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस निरीक्षकों एवं थाना प्रभारियों...

अपराध समीक्षा बैठक

Hazaribagh: पुलिस अधीक्षक हजारीबाग की अध्यक्षता में मंगलवार को जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस निरीक्षकों एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, लंबित कांडों, वारंट-कुर्की, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, अवैध खनन एवं मादक पदार्थों की तस्करी समेत विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई. एसपी ने अधिकारियों को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और अपराध नियंत्रण के लिए सख्त निर्देश दिए.

महिला अपराध और पॉक्सो मामलों पर विशेष फोकस

बैठक में महिला अत्याचार, छेड़खानी, दुष्कर्म एवं पॉक्सो से संबंधित मामलों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया. इन मामलों में लंबित कांडों का अविलंब अनुसंधान पूरा करते हुए 60 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया. वहीं, वर्ष 2025 से पूर्व के लंबित सभी कांडों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश दिया गया.

जुलाई में 317 कांड दर्ज, 668 का हुआ निष्पादन

अपराध समीक्षा के दौरान बताया गया कि हजारीबाग जिले के विभिन्न थानों में जुलाई 2026 में कुल 317 कांड दर्ज किए गए, जबकि पुलिस ने 668 कांडों का निष्पादन किया. इसी अवधि में 1,225 वारंट एवं कुर्की का निष्पादन किया गया. इसके अलावा 1,749 पासपोर्ट मामलों का भी निष्पादन किया गया. सभी थानों में लंबित जमानती एवं गैर-जमानती वारंट, इश्तेहार तथा कुर्की-जब्ती के मामलों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया.

थाना दिवस में सुलझेंगे जमीन विवाद

सभी थाना प्रभारियों को प्रत्येक सप्ताह थाना दिवस आयोजित करने का निर्देश दिया गया. थाना दिवस में स्थानीय अंचल अधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर जमीन विवाद से संबंधित मामलों का समाधान करने को कहा गया. साथ ही साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा को लेकर आम लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया.

नशीले पदार्थों के ठिकानों की होगी पहचान

जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री वाले स्थानों को चिन्हित करने और इसमें शामिल आरोपियों की पहचान कर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. पुलिस को ऐसे मामलों में गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा गया.

संगठित अपराध और अवैध खनन पर सख्ती

संगठित अपराध गिरोहों, अवैध खनन में संलिप्त लोगों तथा साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया गया. ऐसे लोगों के विरुद्ध CCA, थाना हाजिरी तथा गुंडा पंजी में कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजने को कहा गया. अवैध कोयला, बालू एवं पत्थर के उत्खनन पर पूर्ण रोक लगाने के लिए संबंधित अंचल अधिकारियों और जिला खनन पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.

साइबर अपराध के लंबित मामलों के निष्पादन पर जोर

सभी थाना प्रभारियों को साइबर अपराध से संबंधित लंबित कांडों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने तथा मामलों में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा गया.

जेल से बाहर आए अपराधियों पर रहेगी नजर

पिछले पांच वर्षों में जेल से बाहर आए अपराधियों की सूची तैयार कर उन्हें चिन्हित करने और उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया गया. थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में आम लोगों की समस्याएं सुनकर उनका समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करने को भी कहा गया.

बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित

बैठक के दौरान जिले में बेहतर कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. आगामी ईद-उल-मिलाद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए भी पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

AlsoRead:हजारीबाग: बगोदर में प्रमंडलीय आयुक्त का औचक निरीक्षण, SIR-2026 से लेकर राजस्व मामलों तक की समीक्षा, अफसरों को दिए सख्त निर्देश

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *