इटखोरी में धराया गिद्धौर का शातिर तस्कर, 15 लाख के अवैध ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार

Chatra : पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के सटीक सूचना तंत्र और एक्टिव इंटेलिजेंस के बदौलत चतरा पुलिस को तस्करों के खिलाफ एक...

Chatra : पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के सटीक सूचना तंत्र और एक्टिव इंटेलिजेंस के बदौलत चतरा पुलिस को तस्करों के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है. इटखोरी थाना क्षेत्र के चतरा रोड स्थित भुरकुण्डा जंगल मैदान में छापेमारी कर पुलिस ने एक शातिर नशा तस्कर को अवैध ब्राउन शुगर के साथ रंगे हाथों दबोचा है.

डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि भुरकुण्डा जंगल के मैदान में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री होने वाली है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में तुरंत एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर घेराबंदी की और एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा.

30.31 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर और मोबाइल बरामद

तलाशी लेने पर उसके पास से एक काले रंग के प्लास्टिक में रखा करीब 15 लाख रुपये का 30.31 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ और तस्करी में प्रयुक्त की-पैड मोबाइल जब्त किया गया है. डीएसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान गिद्धौर थाना क्षेत्र के मायाडीह गांव निवासी अशोक पासवान के रूप में की गई है. उन्होंने बताया कि इस संबंध में इटखोरी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.

ALSO READ: मिशन एडमिशन: जानिए राजधानी के विभिन्न कॉलेजों का कट ऑफ, रजिस्ट्रेशन और एडमिशन की प्रक्रिया

अवैध कारोबार में पैर पसारने वाले जाएंगे जेल, संपत्ति भी होगी कुर्क

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डीएसपी मुख्यालय ने तस्करों को चेताते हुए कहा कि सुधर जाएं या जिला छोड़ने को तैयार रहें. डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में लिप्त अपराधियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि चतरा जिला में किसी भी कीमत पर नशे का काला कारोबार फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा.

युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले ड्रग पेडलर्स या तो यह धंधा पूरी तरह छोड़ दें, अन्यथा वे जेल की सलाखों के पीछे सड़ने के लिए तैयार रहें. उन्होंने साफ किया कि पुलिस अब सिर्फ तस्करों को जेल नहीं भेजेगी, बल्कि अवैध कमाई से बनाई गई उनकी चल-अचल संपत्ति को भी कुर्क करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू करेगी. अभियान में डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह के अलावे इटखोरी थाना प्रभारी एसआई अभिषेक कुमार सिंह, एएसआई राजेश राम व चालक रविकांत सिंह समेत थाना में तैनात सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *