Click Here

पश्चिमी सिंहभूम में स्वतंत्रता दिवस को लेकर साइकिल रैली, कृष्णा महतो और शीला बानरा बने विजेता

Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले में आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह को हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति के माहौल में आयोजित करने के उद्देश्य से...

Cycling Rally Held in West Singhbhum Ahead of Independence Day
Cycling Rally Held in West Singhbhum Ahead of Independence Day

Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले में आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह को हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति के माहौल में आयोजित करने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला प्रशासन की ओर से भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया. जिला समाहरणालय परिसर से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए रैली घड़ी घर चौक तक पहुंची. इसका मुख्य उद्देश्य आमजनों के बीच राष्ट्रीय पर्व को लेकर जागरूकता फैलाना तथा युवाओं को खेलकूद एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना रहा.

हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना

रैली का विधिवत शुभारंभ प्रशासनिक पदाधिकारियों की उपस्थिति में किया गया. इस अवसर पर सदर चाईबासा के अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, सदर चाईबासा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी तथा जिला खेल पदाधिकारी मारकस हेम्ब्रम विशेष रूप से उपस्थित रहे. पदाधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली को रवाना किया और स्वयं उपस्थित रहकर प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाया.

प्रशासनिक पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है और ऐसे आयोजनों से समाज में एकता, स्वास्थ्य-जागरूकता तथा देशभक्ति की भावना और अधिक मजबूत होती है.

सुदूर प्रखंडों से पहुंचे युवा और महिला प्रतिभागी

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में पश्चिमी सिंहभूम जिले के विभिन्न सुदूरवर्ती प्रखंडों से आए युवाओं एवं महिला प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. समाहरणालय परिसर से रवाना होकर विभिन्न चौक-चौराहों से गुजरती हुई यह रैली घड़ी घर चौक पर समाप्त हुई, जहां प्रतिस्पर्धा के अंतिम परिणाम घोषित किए गए.

पुरुष वर्ग में कृष्णा महतो बने विजेता

काफी कड़े और रोमांचक मुकाबले के बाद पुरुष वर्ग में मनोहरपुर प्रखंड के कृष्णा महतो ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया. वहीं सोनुवा प्रखंड के उदय सुण्डी ने द्वितीय और सोनुवा के ही सरजोम सुण्डी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया.

Also Read: चाईबासा : स्वतंत्रता दिवस समारोह के पूर्व पुलिस केंद्र में हुआ फुल ड्रेस रिहर्सल, मुख्य राजकीय समारोह में मंत्री दीपक बिरुआ करेंगे ध्वजारोहण

महिला वर्ग में शीला बानरा अव्वल

महिला वर्ग की स्पर्धा में भी प्रतिभागियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. सोनुवा प्रखंड की शीला बानरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया. वहीं सदर प्रखंड की बुधनी सामड द्वितीय तथा खूंटपानी प्रखंड की बाहलेन बानरा तृतीय स्थान पर रहीं.

विजेताओं को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित प्रशासनिक पदाधिकारियों ने सभी विजयी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. साथ ही रैली में भाग लेने वाले अन्य सभी प्रतिभागियों के प्रयास की भी सराहना की गई.

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रहे. खेल विभाग और पुलिस प्रशासन के कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी से पूरा आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हुआ.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *