Giridih: गिरिडीह जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह- 2026 को भव्य, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित करने को लेकर गिरिडीह जिला प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है. इसी क्रम में गुरुवार को झंडा मैदान में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के लिए अंतिम परेड पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया. उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने परेड पूर्वाभ्यास का निरीक्षण कर समारोह स्थल की तैयारियों का जायजा लिया.
अंतिम पूर्वाभ्यास में पुलिस जवानों, विद्यार्थियों और कई प्लाटूनों ने लिया हिस्सा
अंतिम पूर्वाभ्यास में जिला पुलिस बल, महिला एवं पुरुष पुलिस जवानों, गृह रक्षा वाहिनी के जवानों तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं सहित कई प्लाटूनों ने हिस्सा लिया. परेड में शामिल जवानों और विद्यार्थियों ने अनुशासन, कदमताल एवं आपसी समन्वय के साथ निर्धारित अभ्यास किया. उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने परेड की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों, परेड प्रभारी और प्रतिभागियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
उपायुक्त ने की सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मुख्य मंच, परेड ग्राउंड, अतिथि दीर्घा, आम नागरिकों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, बिजली एवं प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, सजावट, सुरक्षा, पार्किंग, यातायात प्रबंधन तथा चिकित्सा एवं आपातकालीन सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि समारोह से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं. आयोजन स्थल पर स्वच्छता, सुरक्षा और आम लोगों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को भी कहा गया.
स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर
इस दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक यात्रा, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है. उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान अनुशासन, गरिमा और राष्ट्रभक्ति की भावना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. उन्होंने परेड में शामिल सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे आत्मविश्वास, उत्साह और देशप्रेम की भावना के साथ अपना शत-प्रतिशत योगदान दें, ताकि गिरिडीह का स्वतंत्रता दिवस समारोह भव्य और यादगार बन सके.
घर-प्रतिष्ठानों पर सम्मान के साथ तिरंगा फहराने की अपील
उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की, कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज को पूरे सम्मान और गरिमा के साथ फहराएं. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों और कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लेने का भी दिन है. उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि समारोह के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो. सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए व्यवस्थाओं को समय पर अंतिम रूप दें.
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने समारोह स्थल की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. उन्होंने कार्यक्रम स्थल के अंदर और बाहर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. इसके अलावा VIP एवं आम नागरिकों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों को प्रभावी तरीके से लागू करने को कहा.
समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में
बता दें, कि जिला प्रशासन की ओर से स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, चिकित्सा सुविधा और अन्य जनसुविधाओं को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है. अंतिम परेड पूर्वाभ्यास के बाद अब समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं.
मौके पर ये रहे मौजूद
मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी, परेड प्रभारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: सरायकेला : स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां अंतिम चरण में, DC और SP ने लिया परेड का जायजा
