Bokaro : शनिवार को उपायुक्त अजय नाथ झा एवं उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने चास के सोलागीडीह स्थित बाबा बैद्यनाथ जन सेवा समिति वृद्ध आश्रम का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने आश्रम में रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ली. निरीक्षण के दौरान चास नगर निगम के मेयर भोलू पासवान, उप मेयर पूजा कुमारी एवं संबंधित वार्ड पार्षद भी उपस्थित रहे. डीसी अजय नाथ झा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं. उनके सम्मान, सुरक्षा और बेहतर जीवन के लिए जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है.

गुरुजी वटिका को बुजुर्गों के अनुकूल विकसित करने पर हुई चर्चा
निरीक्षण के दौरान आश्रम परिसर स्थित गुरुजी वाटिका को बुजुर्गों के लिए अधिक सुविधाजनक एवं आकर्षक बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. डीसी ने संबंधित अधिकारियों को आगामी 30 जून 2026 तक विकास कार्य पूर्ण करने का दिया निर्देश. साथ ही वाटिका में पाथवे निर्माण, पेवर्स ब्लॉक बिछाने, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित करने को कहा, ताकि बुजुर्ग सुरक्षित, सहज एवं आनंददायक वातावरण में समय व्यतीत कर सकें.
डीपीआर तैयार, जल्द शुरू होंगे विकास कार्य
मौके पर उपस्थित अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार ने बताया कि गुरुजी वाटिका के विकास के लिए डीपीआर तैयार कर लिया गया है. संबंधित एजेंसी आगामी एक, दो दिनों में डीपीआर कार्यालय को समर्पित कर देगी, जिसके बाद कार्य प्रारंभ करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.
प्रत्येक सप्ताह होगी स्वास्थ्य जांच
बुजुर्गों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए डीसी ने निर्देश दिया कि अटल क्लीनिक के चिकित्सक प्रत्येक सप्ताह आश्रम पहुंचकर बुजुर्गों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण करें. साथ ही, सिविल सर्जन को जिले के सभी वृद्धाश्रमों एवं ऐसे संस्थानों में साप्ताहिक स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने हेतु रोस्टर तैयार करने का निर्देश दिया. डीसी ने कहा कि स्वास्थ्य जांच सहित अन्य सुविधाओं की नियमित निगरानी आवश्यक है. इसके लिए डीडीसी एवं डीएसडब्ल्यूओ को समन्वय स्थापित कर नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया, ताकि बुजुर्गों को समय पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें.
फल एवं फूड पैकेट वितरित कर बांटी खुशियां
निरीक्षण के दौरान डीसी, डीडीसी, मेयर, उप मेयर एवं अन्य ने बुजुर्गों के बीच फल एवं फूड पैकेट का वितरण किया. अधिकारियों एवं जन प्रतिनिधियों ने बुजुर्गों के साथ आत्मीय संवाद भी किया. प्रशासनिक अधिकारियों को अपने बीच पाकर वृद्धजनों के चेहरे पर खुशी और संतोष साफ झलक रहा था.
गुरुजी वाटिका में सबों ने किया पौधारोपण
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त, उप विकास आयुक्त, मेयर, उप मेयर एवं अन्य ने गुरुजी वाटिका में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. कहा कि हरियाली न केवल पर्यावरण को संतुलित रखती है, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी एक शांत, स्वच्छ और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराती है. मौके पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ. सुमन गुप्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.
Also Read : गिरिडीह के प्रेम कुमार चौरसिया का झारखंड टी20 लीग में चयन, रांची टाइटंस ने 50 हजार में खरीदा
