Gumla: जिले के दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में विकास योजनाओं की स्थिति जानने के लिए उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने बुधवार को बिशुनपुर प्रखंड के विभिन्न गांवों का व्यापक स्थल निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) के बिरजिया परिवारों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए.
एक किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचे बिरजिया टोली
उपायुक्त बिशुनपुर पंचायत के सुदूरवर्ती गांव होलेग (बिरजिया टोली) तक लगभग एक किलोमीटर पैदल पहुंचे. यहां रहने वाले 16 बिरजिया परिवारों ने सड़क निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्र, चेकडैम, जल मीनार की मरम्मत, गार्डवाल और पुलिया निर्माण की मांग रखी. डीसी ने प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बने सोलर लाइट, जल मीनार और आवासों का निरीक्षण किया और लंबित आवासों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया.

सड़क और सिंचाई पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
ग्रामीणों की मांग पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सड़क निर्माण का प्रस्ताव तुरंत तैयार करने को कहा. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी योजना से स्वीकृति नहीं मिलती है तो जिला स्तर पर उपलब्ध संसाधनों से समाधान तलाशा जाएगा. साथ ही पहाड़ी नाला पर चेकडैम निर्माण के लिए लघु सिंचाई विभाग को विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार करने का निर्देश दिया गया.

पलायन रोकने पर प्रशासन का फोकस
उपायुक्त ने कहा कि सिंचाई व्यवस्था मजबूत होने से किसान सालभर खेती कर सकेंगे और रोजगार की तलाश में होने वाला मौसमी पलायन कम होगा.
ड्रैगन फ्रूट खेती और मधुमक्खी पालन को बढ़ावा
चिरौडीह पंचायत के महुआटोली और चापाटोली में ड्रैगन फ्रूट की खेती का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने किसानों से तकनीकी जानकारी ली. उन्होंने ड्रैगन फ्रूट के साथ मधुमक्खी पालन को जोड़ने की सलाह दी, ताकि परागण बेहतर हो और अतिरिक्त आय का स्रोत विकसित हो सके.
19 विद्यार्थियों को साइकिल वितरण
बिशुनपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त ने 19 विद्यार्थियों को साइकिल वितरित की. इनमें 11 बालक और 8 बालिकाएं शामिल थीं. उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई और साइकिल का सुरक्षित उपयोग करने की सलाह दी.
एफसीआई गोदाम और जनजातीय विद्यालय का निरीक्षण
डीसी ने एफसीआई गोदाम में चावल की गुणवत्ता, भंडारण और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की. इसके बाद राजकीय जनजातीय आवासीय विद्यालय, चापाटोली का निरीक्षण किया, जहां भवन में सीपेज मिलने पर तत्काल मरम्मत शुरू करने का निर्देश दिया गया.उन्होंने चेतावनी दी कि गुणवत्तापूर्ण मरम्मत समय पर नहीं होने पर संबंधित संवेदक के खिलाफ ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई की जाएगी.
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों तक सड़क, पानी, आवास, शिक्षा और सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है. साथ ही किसानों की आय बढ़ाने और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को तेजी से काम करने का निर्देश दिया गया है.
ALSO READ: JPSC-JSSC उच्च स्तरीय कमेटी में शामिल रहेंगे अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह

