Palamu: अपनी समस्याओं को लेकर समाहरणालय पहुंचे दिव्यांग दंपति से DC दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मुलाकात की. समाहरणालय परिसर में हुई इस मुलाकात के दौरान रेहला क्षेत्र के केतात कला निवासी प्रमोद कुमार साव और उनकी पत्नी सरिता देवी ने अपनी रोजमर्रा की परेशानियों से उपायुक्त को अवगत कराया.
दंपति ने बताया कि दिव्यांग होने के कारण उन्हें दैनिक आवागमन और जरूरी कार्यों के निष्पादन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. उन्होंने अपनी समस्या के समाधान के लिए बैटरी संचालित स्कूटी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया.

DC ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और तत्काल जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि नियमानुसार उपलब्ध सभी सरकारी सुविधाओं का लाभ दिव्यांग दंपति को दिलाने के लिए त्वरित पहल की जाएगी.
दिव्यांगजनों के प्रति प्रशासन संवेदनशील
DC दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि जिला प्रशासन दिव्यांगजनों के अधिकारों और उनकी जरूरतों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है. सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
उन्होंने दिव्यांग दंपति को हरसंभव प्रशासनिक सहयोग का भरोसा देते हुए कहा कि जरूरतमंदों और दिव्यांगजनों को सम्मानजनक एवं सुगम जीवन उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है. प्रशासन की सकारात्मक पहल से दिव्यांग दंपति ने राहत जताई और उम्मीद व्यक्त की कि उन्हें जल्द ही आवागमन के लिए आवश्यक सुविधा उपलब्ध हो सकेगी.
ALSO READ: चक्रधरपुर थाना परिसर में जन सुनवाई आयोजित, ASP ने सुनीं लोगों की समस्याएं


