गहरे दबाव का असर झारखंड पर, अगले 24 घंटों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

Ranchi: ओडिशा और पश्चिम बंगाल के ऊपर बना गहरा दबाव (डीप डिप्रेशन) अब झारखंड के मौसम को पूरी तरह प्रभावित कर रहा...

Weather in Jharkhand

Ranchi: ओडिशा और पश्चिम बंगाल के ऊपर बना गहरा दबाव (डीप डिप्रेशन) अब झारखंड के मौसम को पूरी तरह प्रभावित कर रहा है. इसके असर से पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के लगभग सभी हिस्सों में झमाझम बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम लगातार पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है, जिसके कारण अगले कुछ दिनों तक राज्य के अधिकांश जिलों में बादलों का डेरा रहेगा और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का दौर जारी रहेगा.

मौसम की वर्तमान स्थिति और तापमान

बीते 24 घंटों के दौरान राज्यभर में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी हुई. पश्चिमी सिंहभूम के मंझारी में सबसे अधिक 167.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस बोकारो में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

अगले 5 दिनों में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

28 जुलाई: आसमान में घने बादल छाए रहेंगे. राज्य के लगभग सभी स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश या मेघगर्जन की प्रबल संभावना है. अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है.

29 जुलाई: आसमान में बादल छाए रहने के साथ-साथ राज्य के अनेक हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा और गर्जन जारी रहने की संभावना है.

30 और 31 जुलाई: राज्य के कुछ चुनिंदा स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश या मेघगर्जन हो सकता है, जबकि आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे.

1 से 3 अगस्त: मानसून की सक्रियता एक बार फिर बढ़ेगी और राज्य के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ-साथ उत्तर-पूर्वी और मध्य भागों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है.

भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी

28 जुलाई के लिए चेतावनी: अत्यधिक भारी बारिश: दक्षिण-पश्चिमी हिस्से (सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी और गुमला) में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है.

भारी बारिश: उत्तर-पश्चिमी, मध्य (हजारीबाग, लोहरदगा, रामगढ़ और रांची) तथा दक्षिणी (सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम) भागों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है.

वज्रपात अलर्ट: राज्य के विभिन्न हिस्सों में कहीं-कहीं गरज के साथ वज्रपात होने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है.

29 जुलाई के लिए चेतावनी: पश्चिमी भाग के सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा और लातेहार जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है.

30 और 31 जुलाई तथा 1 अगस्त: राज्य के कई इलाकों में मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है.

2 और 3 अगस्त के लिए चेतावनी: राज्य के उत्तर-पूर्वी तथा निकटवर्ती मध्य भागों में कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है.

रांची और आसपास के क्षेत्रों का मौसम पूर्वानुमान

• 28 जुलाई: आसमान में सामान्यतः बादल छाए रहेंगे और मध्यम दर्जे की बारिश होगी. अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा.

• 29 जुलाई: बादल छाए रहने के साथ एक-दो बार हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है. अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस रहेगा.

30 और 31 जुलाई: आसमान में बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जाएगी. इस दौरान अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

• 1 अगस्त: बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और एक-दो बार हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी. अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है.

2 और 3 अगस्त: रांची में आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और दिन में दो या उससे अधिक बार हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की प्रबल संभावना है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *