RANCHI: विधायक सरयू राय ने रांची में डेंटल छात्रा के साथ हुए कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले की पुलिस जांच के दायरे को बढ़ाने की मांग की है. उन्होंने रांची एसएसपी से हुई बातचीत का हवाला देते हुए कहा कि केवल दोषियों को सजा देना पर्याप्त नहीं है, क्योंकि यह घटना एक गहरे और खतरनाक संगठित गिरोह का हिस्सा हो सकती है.
छात्राओं को फंसाने वाला सिंडिकेट
सरयू राय ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि रांची के शैक्षणिक क्षेत्रों में एक ऐसा गिरोह सक्रिय है, जो छात्राओं को अपने जाल में फंसाता है. उन्होंने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार एक आरोपी कभी इसी तरह की परिस्थितियों का शिकार हुई थी और अब उसे अन्य लड़कियों को फंसाने के लिए इस्तेमाल किया गया. यह गिरोह अश्लील फोटो और वीडियो के जरिए छात्राओं को ब्लैकमेल कर उन्हें चुप रहने पर मजबूर करता है.
सीबीआई जांच की मांग
विधायक ने पीड़िता की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि उसके प्रतिकार के कारण ही आरोपी पकड़े गए. उन्होंने आशंका जताई कि इस जांच के तार किसी राष्ट्रविरोधी समूह और प्रभावशाली सफेदपोशों से जुड़े हो सकते हैं, जिससे जांच पर दबाव डाला जा सकता है. उन्होंने राज्य सरकार से मांग की है कि मामले की गहराई से जांच के लिए तत्काल एसआईटी का गठन किया जाए या जांच सीबीआई को सौंपी जाए, ताकि पूरे गिरोह और उसके सरगना का पर्दाफाश हो सके.
