गिरिडीह : पचंबा में इंजीनियरिंग कॉलेज का शिलान्यास, अब नहीं होगा पलायन, गिरिडीह बनेगा एजुकेशन हब

Giridih: गिरिडीह जिले के उपनगरी पचंबा के जरिडीह में गुरुवार को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से बहुप्रतीक्षित इंजीनियरिंग कॉलेज...

Giridih: गिरिडीह जिले के उपनगरी पचंबा के जरिडीह में गुरुवार को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से बहुप्रतीक्षित इंजीनियरिंग कॉलेज का विधिवत शिलान्यास किया गया. करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाला यह कॉलेज करीब 35 एकड़ भूमि में स्थापित होगा. इस महत्वाकांक्षी परियोजना को जिले के शिक्षा क्षेत्र में एक नई क्रांति की शुरुआत मानी जा रही है. शिलान्यास कार्यक्रम में मंत्री सुदिव्य सोनू और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन मुख्य रूप से उपस्थित रहे. दोनों जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से शिलान्यास कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया. इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण व आमजन मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें : JPSC परीक्षा: गिरिडीह में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, हजारों अभ्यर्थी शामिल होंगे

हजारों युवाओं के लिए नई राह खोलेगा इंजीनियरिंग कॉलेज : सुदिव्य सोनू

इस मौके पर मंत्री सुदिव्य सोनू ने कहा कि अब गिरिडीह के छात्रों को तकनीकी शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा. यह कॉलेज न सिर्फ जिले बल्कि आसपास के क्षेत्रों के हजारों युवाओं के लिए नई राह खोलेगा. उन्होंने राज्य सरकार की शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि यह परियोजना झारखंड को शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में बड़ा कदम है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि गिरिडीह को लगातार विकास की नई सौगातें मिल रही हैं.

कल्पना ने कहा- सरकार का लक्ष्य हर बच्चे को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना

वहीं विधायक कल्पना सोरेन ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर बच्चे को बेहतर और सुलभ शिक्षा देना है. खासकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को आगे बढ़ाने के लिए ठोस पहल की जा रही है. उन्होंने “गुरुजी क्रेडिट कार्ड” योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इससे छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे वे बिना किसी आर्थिक बोझ के अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें. उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार प्रतिभाशाली छात्रों को विदेश में पढ़ाई का अवसर भी दे रही है, जहां 100 से अधिक छात्र वर्तमान में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं. इसका पूरा खर्च सरकार वहन कर रही है.

यह भी पढ़ें : सफलता की नई उड़ान: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सीबीएसई 10वीं के सफल छात्रों को दी बधाई, स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के प्रदर्शन पर जताया गर्व

लोगों की उम्मीदें जगी

विधायक ने जोर देते हुए कहा कि पचंबा में इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना से न सिर्फ शिक्षा का स्तर ऊंचा होगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे. स्थानीय स्तर पर तकनीकी शिक्षा मिलने से युवाओं का भविष्य मजबूत होगा और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी. कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला. लोगों ने इसे ऐतिहासिक पहल बताते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में पचंबा सच में “एजुकेशन हब” के रूप में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *