Deoghar : जिले से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है. जिले के मोहनपुर प्रखंड अंतर्गत बलथर पंचायत के मुखिया के आवास पर आयकर विभाग (Income Tax) की टीम जांच के लिए पहुंची है. जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई वित्तीय अनियमितता और सरकारी फंड में गड़बड़ी के गंभीर आरोपों को लेकर की जा रही है.

सुबह-सुबह पहुंची टीम, इलाके में हड़कंप:
आयकर विभाग की टीम आज सुबह भारी सुरक्षा बल के साथ मुखिया के बलथर स्थित आवास पर पहुंची. अचानक हुई इस छापेमारी से स्थानीय जनप्रतिनिधियों और इलाके के लोगों में हड़कंप मच गया है. टीम के पहुंचते ही घर के सभी प्रवेश और निकास द्वारों को सील कर दिया गया और किसी को भी अंदर या बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है.

कार्यालय और घर के कोने-कोने की तलाशी:
आयकर विभाग के अधिकारी मुखिया के आवास के साथ-साथ उनके घरेलू कार्यालय में भी छापेमारी कर रहे हैं. अलमारियों, संदूकों और डिजिटल डिवाइस (लैपटॉप, मोबाइल) को खंगाला जा रहा है. बताया जा रहा है कि टीम पिछले कई घंटों से लगातार जांच में जुटी हुई है. शुरुआती इनपुट के अनुसार, जांच टीम के हाथ कई महत्वपूर्ण और आपत्तिजनक दस्तावेज लगे हैं. इनमें पंचायत से जुड़ी योजनाओं की फाइलें, बैंक खाते, जमीन-जायदाद के कागजात और वित्तीय लेन-देन से जुड़ी डायरियां शामिल हैं।m. सूत्रों का कहना है कि इन दस्तावेजों से सरकारी पैसों के हेरफेर और आय से अधिक संपत्ति के मामले में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं.
वित्तीय अनियमितता का है आरोप:
बताया जा रहा है कि बलथर पंचायत में विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता की शिकायतें मिल रही थीं. इसी इनपुट के आधार पर आयकर विभाग ने यह जाल बिछाया. फिलहाल, छापेमारी की कार्रवाई अभी भी जारी है और विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि कुल कितनी संपत्ति या गड़बड़ी का खुलासा हुआ है. स्थानीय पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर तैनात हैं ताकि जांच प्रक्रिया में कोई बाधा न आए.


