Koderma: उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने सतगावां प्रखंड का दौरा किया. दौरे के क्रम में उन्होंने सर्वप्रथम सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र, भागाडीह का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बच्चों की उपस्थिति पंजी, बिजली एवं पेयजल आपूर्ति की स्थिति, वीएचएनडी पंजी, बच्चों के टीकाकरण, पोषण ट्रैकर, शौचालय, रसोईघर, पोषण वाटिका सहित अन्य व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया. उन्होंने सभी बच्चों का आधार आईडी बनवाने का निर्देश दिया तथा वीएचएनडी दिवस पर टीकाकरण कार्य को प्रभावी एवं नियमित रूप से संचालित करने को कहा. उपायुक्त ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निर्देशित किया कि वे कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा विद्युत विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आंगनबाड़ी केंद्र में बिजली एवं पेयजल आपूर्ति की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि बच्चों एवं लाभुकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें.

स्वास्थ्य उपकेंद्र खुट्टा का निरीक्षण, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश
इसके पश्चात् उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता द्वारा स्वास्थ्य उपकेंद्र खुट्टा का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली तथा स्टॉक पंजी, ओपीडी पंजी एवं प्रथम प्रसव पूर्व जांच (ANC) से लेकर चतुर्थ प्रसव पूर्व जांच तक के अभिलेखों का अवलोकन किया. साथ ही उपकेंद्र में साफ-सफाई की व्यवस्था की भी समीक्षा की. उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (सीएचओ) को निर्देश दिया कि अपने पोषण क्षेत्र अंतर्गत सभी लाभुकों एवं आमजनों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें तथा स्वास्थ्य उपकेंद्र परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखें, ताकि लोगों को बेहतर एवं स्वच्छ स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त हो सकें.
ALSO READ: गुमला: समाहरणालय परिसर में कैनोपी आम स्टॉल का उद्घाटन, किसानों एवं महिला समूहों को मिलेगा सीधा बाजार
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां का निरीक्षण, साफ-सफाई में लापरवाही पर उपायुक्त ने जताई नाराजगी
इसके पश्चात् उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंजीकरण कक्ष, बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी), आपातकालीन वार्ड, भंडार कक्ष, कुष्ठ रोग विशेषज्ञ कक्ष, सामान्य वार्ड, दवा वितरण कक्ष, स्टॉक पंजी, कुपोषण उपचार केंद्र, प्रसव कक्ष सहित अस्पताल के विभिन्न वार्डों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई की स्थिति पर असंतोष व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने नाराजगी जताई तथा सिविल सर्जन को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर एवं सभी वार्डों में नियमित एवं समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को स्वच्छ एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें. कुपोषण उपचार केंद्र का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने वहां भर्ती बच्चों एवं मरीजों की देखभाल की व्यवस्था की जानकारी ली. उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि भर्ती मरीजों को निर्धारित डाइट चार्ट के अनुसार पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण आहार उपलब्ध कराया जाए तथा उनकी समुचित देखभाल सुनिश्चित की जाए.
विद्यालय, डाक बंगला एवं प्रसंस्करण इकाइयों का निरीक्षण, अधूरे निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
इसके अतिरिक्त उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने राज्य संपोषित प्लस टू उच्च विद्यालय का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवन के अधूरे निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को भवन निर्माण कार्य को पूर्ण कराने हेतु विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. इसके पश्चात् उपायुक्त ने डाक बंगला एवं कृषक पाठशाला का भी निरीक्षण किया तथा दोनों परिसरों की वर्तमान स्थिति एवं आवश्यकताओं से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. साथ ही उपायुक्त द्वारा खुट्टा स्थित दाल मिल प्रसंस्करण इकाई का निरीक्षण किया गया. इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा उनके प्रयासों को ग्रामीण आजीविका संवर्द्धन की दिशा में महत्वपूर्ण बताया.
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त रवि जैन, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कनक कुमारी तिर्की, प्रखंड विकास पदाधिकारी ओमप्रकाश बड़ाईक सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.
