Gumla: गुमला के नए समाहरणालय परिसर में आज सांसद सुखदेव भगत ने उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो की उपस्थिति में कैनोपी आम स्टॉल का उद्घाटन किया. स्टॉल का संचालन JSLPS द्वारा सुपोषित गुमला रायडीह फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी करेगी. इस पहल का उद्देश्य किसानों को उनके उत्पाद का बेहतर बाजार उपलब्ध कराना तथा आम की सीधी बिक्री को बढ़ावा देना है. मौके पर बताया गया कि मनरेगा अंतर्गत बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत इस वर्ष जिले में लगभग 2500 मीट्रिक टन आम उत्पादन संभावित है. किसानों को उचित मूल्य दिलाने के लिए जेएसएलपीएस, प्रदान एवं नाबार्ड के सहयोग से विभिन्न फार्मर प्रोड्यूसर कंपनियां एवं सहकारी समितियां बाजार व्यवस्था सुनिश्चित कर रही हैं. जिले की विभिन्न एफपीओ द्वारा अब तक लगभग 350 मीट्रिक टन आम का सफल विपणन किया जा चुका है.

यह भी पढ़ें: परिमल नाथवाणी की एंट्री से बिगड़ सकता है सियासी गणित, तीसरे कोण ने बढ़ाई हलचल, सीएम से की मुलाकात
सांसद सुखदेव भगत ने महिलाओं की प्रशंसा की
उद्घाटन के दौरान सांसद सुखदेव भगत ने महिला स्वयं सहायता समूहों एवं किसान उत्पादक संगठनों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की भागीदारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है. उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की तथा स्टॉल से आम एवं अन्य उत्पादों की खरीदारी कर महिला समूहों का उत्साहवर्धन किया. मौके पर उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो, पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमा, उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन, अपर समाहर्ता राजीव नीरज, सिविल सर्जन डॉ. शंभूनाथ चौधरी, जेएसएलपीएस गुमला के पदाधिकारी, प्रदान संस्था के प्रतिनिधि, किसान उत्पादक संगठनों के सदस्य, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: पीजी पोर्टल शिकायतों के निस्तारण में धनबाद पुलिस ने 398 में से 376 मामलों का किया निष्पादन
