-
सुबह घर से निकले 24 वर्षीय करण कुमार पर हमला, इलाज के दौरान निजी अस्पताल में तोड़ा दम
Dhanbad: सरायढेला थाना क्षेत्र के जगजीवन नगर बी-टाइप में शनिवार सुबह एक 24 वर्षीय युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान करण कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. पुलिस ने मामले में नामजद चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भेज दिया गया है. परिजनों के अनुसार करण कुमार शनिवार तड़के करीब चार बजे किसी काम से अपने घर से निकला था. आरोप है कि घर से कुछ ही दूरी पर पहले से मौजूद शिवप्रसाद महतो, मुक्तेश्वर महतो, कन्हाई लाल भट्टाचार्य और राजू हरि ने उसे घेर लिया. इसके बाद चारों ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजनों का कहना है कि मारपीट के बाद आरोपी घायल करण को उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गए. जब परिवार के लोगों की नजर करण पर पड़ी तो वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा था. आनन-फानन में उसे इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद कुछ ही देर बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

आपसी विवाद मैं घटना की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सरायढेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने मृतक के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर चारों नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. घटनास्थल से भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके. फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. शुरुआती जांच में आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है.
