Ranchi: जिला प्रशासन ने जनगणना-2027 को लेकर अब डिजिटल अभियान तेज कर दिया है. 10 मई 2026 को पूरे जिले में विशेष “सेल्फ एन्यूमरेशन ड्राइव” चलाया जाएगा, जिसके तहत लोग घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपनी जनगणना संबंधी जानकारी खुद दर्ज कर सकेंगे. जिला प्रशासन ने लोगों से दोपहर 12 बजे से 1 बजे के बीच अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने की अपील की है. उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि यह अभियान जनभागीदारी पर आधारित है और हर नागरिक की भूमिका इसमें महत्वपूर्ण है. प्रशासन चाहता है कि लोग डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करें ताकि जनगणना प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और आसान बन सके.
यह भी पढ़ें: झारखंड पुलिस: 32 साल की सेवा, सालभर का इंतज़ार और ‘रिटायरमेंट’ वाली पोस्टिंग!

स्व-गणना पूरी तरह वैकल्पिक
इसके लिए नागरिकों को ऑनलाइन पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपना विवरण भरना होगा. प्रक्रिया पूरी होने के बाद मिलने वाले SE-ID को सुरक्षित रखना जरूरी होगा. बाद में जब प्रगणक घर पहुंचेगा, तब यह आईडी साझा करनी होगी. हालांकि प्रशासन ने साफ किया है कि ऑनलाइन स्वगणना पूरी तरह वैकल्पिक है. जो लोग स्वयं जानकारी दर्ज नहीं करेंगे, उनके घर जाकर प्रगणक जानकारी एकत्र करेंगे. जिला प्रशासन के अनुसार, जनगणना-2027 के पहले चरण को दो हिस्सों में बांटा गया है. 1 मई से 15 मई तक ऑनलाइन स्वगणना की प्रक्रिया चल रही है, जबकि 16 मई से 14 जून तक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण और परिवारों की गणना की जाएगी. इस दौरान प्रत्येक घर की स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं और परिवार से जुड़ी जानकारियां दर्ज की जाएंगी.
यह भी पढ़ें: हिंदपीढ़ी में नगर निगम बना रहा बड़ा नाला, बारिश से पहले जलजमाव खत्म करने की तैयारी
सभी सूचनाएं रहेगी गोपनीय
प्रशासन ने लोगों को यह भरोसा भी दिलाया है कि जनगणना के दौरान दी गई सभी सूचनाएं पूरी तरह गोपनीय रहेंगी. जनगणना अधिनियम 1948 के तहत किसी भी व्यक्ति की व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाएगी और इसका उपयोग टैक्स, पुलिस या जांच एजेंसियों के लिए नहीं होगा. किसी भी प्रकार की सहायता या तकनीकी दिक्कत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 जारी किया गया है. जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सही और सटीक जानकारी देकर जनगणना अभियान को सफल बनाएं.
