News Desk: विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार सुबह शुभ मुहूर्त में ठीक 8 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए. इसी के साथ केदारनाथ यात्रा की शुरुआत हो गई.
कपाट खुलने के इस शुभ अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी वहां मौजूद रहे. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस खास पल के गवाह बने और पूरा क्षेत्र भक्ति भाव से सराबोर हो गया. कपाट उद्घाटन के मौके पर हेलीकॉप्टर के जरिए मंदिर परिसर में भव्य पुष्प वर्षा की गई, जिससे श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह और अधिक बढ़ गया.
सुबह से ही शुरू हुए धार्मिक कार्यक्रम
प्रातः करीब 4 बजे से ही पूजा-अर्चना और अन्य धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए थे. पंचमुखी डोली की विधिपूर्वक पूजा के बाद भगवान की डोली को मंदिर परिसर में लाया गया, जहां तय प्रक्रिया के अनुसार कपाट खोलने की सभी तैयारियां पूरी की गईं.
आठ बजे खुले कपाट
सुबह ठीक 8 बजे मंदिर के द्वार खुलते ही सबसे पहले भगवान की पंचमुखी डोली को गर्भगृह में पहुंचाया गया. इसके बाद सभी आवश्यक धार्मिक प्रक्रियाएं पूरी कर भगवान केदारनाथ को विधि-विधान के साथ स्थापित किया गया.
इसे भी पढ़ें: Vastu Tips: घर में रखें मटका इस दिशा में, दूर होगी आर्थिक तंगी
बाबा केदार के दर्शन को उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
इस शुभ अवसर के साथ ही देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं की भीड़ बाबा केदार के दर्शन के लिए उमड़ पड़ी है. आस्था, भक्ति और श्रद्धा के इस अद्भुत संगम से पूरा केदारनाथ धाम आध्यात्मिक वातावरण में डूब गया है.
