Hazaribagh: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, हजारीबाग की ओर से बुधवार को भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा स्थित वरिष्ठजन सहायता एवं सुविधा केंद्र में कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश धुव्र चंद्र मिश्रा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ. जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव डॉ. रवि प्रकाश तिवारी ने बताया कि शिविर का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों और आम लोगों को उनके कानूनी अधिकारों तथा उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी देना था.
ALSO READ: अंडर-16 झारखंड स्टेट बास्केटबॉल चैंपियनशिप के लिए बोकारो टीम का चयन ट्रायल संपन्न

वरिष्ठ नागरिकों को दी गई कानूनी जानकारी
शिविर में डीएलएसए के अधिकार मित्र बिकाश कुमार पाण्डेय ने वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकार, सुरक्षा, कल्याण योजनाओं और निःशुल्क कानूनी सहायता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं. उन्होंने माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 के प्रमुख प्रावधानों को सरल भाषा में समझाया. कार्यक्रम के दौरान सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, कानूनी सहायता प्राप्त करने के तरीके और वरिष्ठजन सहायता केंद्र की सेवाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई. उपस्थित लोगों को नालसा की निःशुल्क हेल्पलाइन 15100 के बारे में भी बताया गया.
शिविर में आए लोगों की समस्याएं सुनी गईं और उन्हें आवश्यक कानूनी सलाह भी दी गई. साथ ही सभी से अपील की गई कि किसी भी कानूनी समस्या या सहायता की जरूरत होने पर वे जिला विधिक सेवा प्राधिकार, हजारीबाग से संपर्क कर सकते हैं. कार्यक्रम के अंत में लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और जरूरत पड़ने पर उपलब्ध कानूनी सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया.
