Chakradharpur: बंदगांव प्रखंड के मेरमगुटू पंचायत के कुआडीह गांव में बुधवार शाम आई तेज आंधी और जोरदार बारिश के कारण बिजली व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई. तेज हवा के कारण कई बिजली पोल एवं तार टूटकर बिखर गए. वहीं गांव का एक बिजली पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे पूरा कुआडीह गांव पिछले 24 घंटे से अंधेरे में डूबा हुआ है. ग्रामीण रोशन हजाम ने बताया कि घटना की सूचना बिजली विभाग के एसडीओ एवं संबंधित बिजली कर्मियों को तत्काल दे दी गई थी, लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी अब तक बिजली बहाल नहीं हो सकी है. इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है.

बिजली व्यवस्था बहाल नहीं होने पर ग्रामीण कार्यालय का करेंगे घेराव
समाजसेवी सह ग्रामीण रोशन हजाम ने कहा कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था बहाल नहीं की गई, तो ग्रामीण बिजली विभाग कार्यालय का घेराव करने को बाध्य होंगे. उन्होंने स्थानीय बिजली मिस्त्री से भी शीघ्र बिजली चालू कराने में सक्रिय भूमिका निभाने की मांग की. साथ ही चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने पर उच्च अधिकारियों से शिकायत की जाएगी. ग्रामीणों ने कहा कि लगातार बिजली नहीं रहने से गांव में पेयजल, बच्चों की पढ़ाई एवं दैनिक कार्यों में काफी परेशानी हो रही है. ग्रामीणों ने विभाग से अविलंब टूटे पोल एवं तार की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है. मौके पर मुख्य रूप से शंभू हजाम, विश्वेश्वर गंजू, नकुल हजाम, लालू गंजू, शिमला देवी, रंगलाल गंजू, रोशन हजाम, कुंती देवी समेत दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: सरायकेला: खरसावां चौक पर अवैध बालू लदा ट्रक जब्त, कागजात नहीं दिखाने पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई
