Bandgaon: शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों का प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा दौरा किया गया. इस क्रम में मध्य विद्यालय हुडंगदा में कुल 10 बच्चों का कक्षा प्रथम में नया नामांकन कराया गया. मौके पर उपस्थित पदाधिकारियों ने बच्चों का विद्यालय परिवार में उनका स्वागत किया.
अधिकारियों ने विद्यालयों का किया निरीक्षण
नामांकन कार्यक्रम के उपरांत प्रखंड विकास पदाधिकारी भीखम कुमार, चाईबासा नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी सन्तोषनी मुर्मू एवं जिला भू-अर्जन पदाधिकारी लिली एलोना लकड़ा ने उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय सुबानसाई का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता और शैक्षणिक स्तर की गहन जांच की. साथ ही शिक्षकों को निर्देश दिया कि वे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बच्चों की नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान दें.
शिक्षा को लेकर अधिकारियों की अपील
जिला भू-अर्जन पदाधिकारी लिली एलोना लकड़ा ने कहा शिक्षा समाज की प्रगति का आधार है. आज हुडंगदा मध्य विद्यालय में 10 बच्चों का नामांकन होना एक सकारात्मक कदम है. अभिभावकों से अपील है कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें ताकि उनका भविष्य उज्ज्वल हो सके.
ALSO READ: गुमला में सखी मंडल की दीदीयों को मिला वाहन, महिला सशक्तीकरण की दिशा में बड़ी उपलब्धि
बीडीओ भीखम कुमार ने कहा प्रखंड प्रशासन हर बच्चे को स्कूल से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है. सुबानसाई विद्यालय की जांच का मुख्य उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और सुधार लाना है. विद्यालय प्रबंध समिति और शिक्षकों को निर्देश दिया गया है कि वे बच्चों के पोषण और पठन-पाठन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें. उन्होंने कहा विद्यालयों में शत प्रतिशत नामांकन होनी चाहिए.
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से संकुल साधन सेवी लोकनाथ सारंगी, प्रधानाध्यापक के.डी. बोदरा, विद्यालय के सभी शिक्षक, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष व सदस्य तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे.
