Saraikela: चांडिल थाना क्षेत्र के न्यू बायपास स्थित एनएच-18 के भालूकोचा में गुरुवार सुबह करीब 10 बजे यदुवंशी होटल में सिलेंडर से गैस लीक होने के कारण आग लग गई. हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन होटल में मौजूद कारीगर और ग्राहक बाल-बाल बच गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, होटल की रसोई में सिलेंडर से गैस लीक होने के बाद अचानक आग भड़क उठी. ब्लास्ट की आशंका से होटल में अफरा-तफरी मच गई. देखते ही देखते आग पास में बनी पुआल की झोपड़ी तक पहुंच गई, जिससे झोपड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई.

ग्रामीणों और दमकल ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने बाल्टी और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. साथ ही चांडिल अनुमंडल अग्निशमन केंद्र को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया.

होटल का सामान जला, जांच शुरू
होटल संचालक ने बताया कि समय पर दमकल कर्मियों और ग्रामीणों की मदद से बड़ा हादसा टल गया. आग से होटल की झोपड़ी और कुछ सामान जलकर नष्ट हो गया. सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.


