पलामू. पलामू जिले में पहली बार जिला स्तरीय राइफल शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है. पलामू जिला राइफल शूटिंग एसोसिएशन की ओर से आयोजित यह प्रतियोगिता 19 जुलाई 2026 को मेदिनीनगर के रांची रोड स्थित गुरुकुलम इंटरनेशनल स्कूल में सुबह 7 बजे से शुरू होगी.
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए होगा चयन
एसोसिएशन के अध्यक्ष अविनाश देव ने प्रेस वार्ता में बताया कि आगामी 29 से 31 जुलाई 2026 तक झारखंड स्टेट राइफल एसोसिएशन की ओर से 16वीं झारखंड स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी. इसी को ध्यान में रखते हुए पलामू के खिलाड़ियों के चयन और उनकी प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है.
प्रतिभाशाली निशानेबाजों को मिलेगा बड़ा अवसर
अध्यक्ष ने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से जिले के प्रतिभावान निशानेबाजों को अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलेगा. चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में पलामू जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे.
प्रतियोगिता में नहीं लगेगा कोई प्रवेश शुल्क
एसोसिएशन के सचिव सुमित वर्मन ने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों का प्रशिक्षित होना जरूरी है. प्रतिभागियों को अपनी एयर राइफल या एयर पिस्टल और पेलेट साथ लाना अनिवार्य होगा. खास बात यह है कि प्रतियोगिता में किसी भी प्रकार का प्रवेश शुल्क नहीं रखा गया है, ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ियों को अवसर मिल सके.
पलामू में शूटिंग खेल को मिलेगी नई पहचान
सचिव ने कहा कि यह प्रतियोगिता जिले में शूटिंग खेल को नई पहचान देने की दिशा में एक ऐतिहासिक शुरुआत है. एसोसिएशन का उद्देश्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है.
खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में शामिल होने की अपील
इस मौके पर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष आनंद कुमार, कोषाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, सचिव सुमित वर्मन समेत खिलाड़ी मृत्युंजय कुमार, ललन प्रजापति, सतीश कुमार और भुनेश कुमार मौजूद रहे. एसोसिएशन ने जिले के सभी योग्य राइफल शूटरों से प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है.
ALSO READ : पाकुड़ : रथ मेला का हुआ भव्य शुभारंभ, नगर परिषद अध्यक्ष SDPO व सामाजिक कार्यकर्ता ने फीता काटकर किया उद्घाटन
