Jamtara : पूर्व विधायक स्व. विष्णु प्रसाद भैया की जयंती और भगवान जगन्नाथ की पावन रथ यात्रा के अवसर पर जामताड़ा में भव्य श्रद्धांजलि और अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया. विष्णु भैया मेमोरियल फाउंडेशन के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए. कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता, मिहिजाम नगर परिषद अध्यक्ष जयश्री देवी, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष कमल गुप्ता सहित झामुमो, कांग्रेस और BJP के नेताओं ने स्व. विष्णु प्रसाद भैया की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की.
जनता का स्नेह ही सबसे बड़ी पूंजी: श्रद्धांजलि सभा में चमेली देवी
इस अवसर पर वक्ताओं ने स्व. विष्णु प्रसाद भैया के सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान को याद करते हुए कहा कि वे केवल एक जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि जनता के सच्चे सेवक थे. उन्होंने हमेशा जनहित और क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी. कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों को सम्मानित भी किया गया. फाउंडेशन की संरक्षक चमेली देवी ने कहा कि आज पूरा जामताड़ा स्व. विष्णु प्रसाद भैया को श्रद्धापूर्वक याद कर रहा है और जनता का यह स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है. वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि स्व. विष्णु प्रसाद भैया जनमानस के लोकप्रिय नेता थे. उन्होंने अपने कार्यकाल में जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र के विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किए. कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों पर चलने तथा जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया.
Also Read : बोकारो: ‘जय जगन्नाथ’ के जयघोष से गूंजा शहर, रथ यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
