Palamu: जिले की बहुप्रतीक्षित सिंगरा-चेड़ाबार कोयल नदी पुल एप्रोच रोड एवं रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) परियोजना का शिलान्यास कर दिया गया. लगभग 101 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस महत्वाकांक्षी योजना का शिलान्यास पलामू सांसद विष्णु दयाल राम और स्थानीय विधायक आलोक चौरसिया ने संयुक्त रूप से किया. कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष अमित तिवारी समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे.
12 वर्षों का इंतजार हुआ समाप्त
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि कोयल नदी पर पुल का निर्माण वर्षों पहले हो चुका था, लेकिन एप्रोच रोड के अभाव में लोग इसका लाभ नहीं उठा पा रहे थे. उन्होंने बताया कि जनता की लगातार मांग और उनके प्रयासों से मार्च 2023 में भारत सरकार ने सेंट्रल रोड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (CRIF) के तहत इस योजना को स्वीकृति प्रदान की थी. उन्होंने कहा कि रेलवे लाइन के ऊपर बनने वाले फ्लाईओवर के लिए रेलवे बोर्ड से आवश्यक अनुमति भी प्राप्त हो चुकी है और अब परियोजना धरातल पर उतर रही है.

मुआवजा राशि जल्द मिलेगी
सांसद ने बताया कि परियोजना के लिए जिन रैयतों की भूमि अधिग्रहित की गई है, उनके मुआवजे की राशि स्वीकृत होकर जिला प्रशासन को उपलब्ध करा दी गई है. राजस्व विभाग के आकलन के आधार पर प्रभावित लोगों को जल्द भुगतान किया जाएगा. स्थानीय विधायक आलोक चौरसिया ने कहा कि यह पुल वर्षों से क्षेत्र की राजनीति का प्रमुख मुद्दा बना हुआ था. लोगों को बरसात के दिनों में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था. अब इस समस्या का स्थायी समाधान होने जा रहा है. उन्होंने कहा कि सड़क, पुल और पुलिया किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होते हैं और यह परियोजना पलामू के विकास को नई गति देगी.
रांची से बनारस तक होगा आसान सफर
फ्लाईओवर और एप्रोच रोड के निर्माण के बाद इसे एनएच-75 फोरलेन सड़क से जोड़ा जाएगा. इससे रांची की ओर से आने वाले यात्रियों को बनारस जाने के लिए सीधा और सुगम मार्ग मिलेगा. साथ ही शाहपुर-गढ़वा मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों को भी बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी. स्थानीय लोगों ने परियोजना के शिलान्यास पर खुशी जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा कर क्षेत्र को लंबे समय से प्रतीक्षित सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी.
ALSO READ : महिला से अपराधी छिन रहा था चेन, लोगों ने पकड़ा और कर दी धुनाई, पुलिस को सौंपा


