Palamu: जनता दल यूनाइटेड की प्रमंडल स्तरीय मुख्य कार्यकर्ता बैठक का आयोजन मेदिनीनगर परिसदन में किया गया. इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता जदयू पलामू के जिला अध्यक्ष मनोज कुमार दुबे ने की, जबकि मंच संचालन नितेश्वर मेहता ने किया. बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जदयू के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद खीरू महतो मौजूद रहे. वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री सुधा चौधरी, प्रदेश महासचिव सह प्रदेश कार्यालय प्रभारी श्रवण कुमार और प्रदेश सचिव राज नारायण सिंह पटेल उपस्थित रहे.

संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो ने संगठन की मजबूती पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि पलामू प्रमंडल में संगठन को पूरी तरह मजबूत करना पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसके लिए सदस्यता अभियान को तेज गति दी जाएगी और प्रखंड से लेकर पंचायत स्तर तक संगठनात्मक सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा, ताकि पार्टी को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाया जा सके.
विधानसभा और लोकसभा चुनाव को लेकर रणनीति तैयार
आगामी राजनीतिक रणनीतियों को साझा करते हुए खीरू महतो ने कहा कि आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों में जनता दल यूनाइटेड पूरी मजबूती के साथ अपनी दावेदारी पेश करेगी. उन्होंने दावा किया कि पलामू प्रमंडल से पार्टी प्रत्याशी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व से विचार-विमर्श के बाद जल्द ही चुनाव क्षेत्रों का चयन किया जाएगा और उसी के अनुरूप संगठनात्मक गतिविधियों को और तेज किया जाएगा.
Also Read: NIA में एसपी के पदों पर होगी प्रतिनियुक्ति, दो लाख से अधिक होगी सैलरी
कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे अहम: सुधा चौधरी
पूर्व मंत्री सुधा चौधरी ने कार्यकर्ताओं के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ संगठन के लिए काम करते हैं. उन्होंने कहा कि चुनाव के समय कभी-कभी सिंबल नहीं मिलने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी होना स्वाभाविक है, लेकिन अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व का ही सर्वोपरि होता है. उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनावों में जदयू पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी और बेहतर प्रदर्शन करेगी.
गांव-गांव तक पहुंचाई जाए पार्टी की नीतियां
प्रदेश महासचिव श्रवण कुमार ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान को धार देने तथा पार्टी की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया. वहीं जिला अध्यक्ष मनोज कुमार दुबे ने कहा कि पलामू में पार्टी को प्रखंड से लेकर गांव स्तर तक सक्रिय किया जाएगा और पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों को आम जनता तक पहुंचाकर जदयू की मजबूत पहचान स्थापित की जाएगी.
बड़ी संख्या में मौजूद रहे कार्यकर्ता और पदाधिकारी
बैठक में प्रदेश सचिव दिलीप पांडे, जनकधारी मेहता, यशवंत सिंह, सदस्य पांडे, सुरेंद्र कुमार यादव, नीतीश्वर मेहता, देवेंद्र पांडे, विवेक बैठा, जिला उपाध्यक्ष अवध किशोर सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे. इसके अलावा ओबीसी प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, राजपति प्रजापति, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेंद्र कुमार रवि, नगर अध्यक्ष पीयूष प्रभाकर, पंकज कुमार दुबे, प्रवीण तिवारी, दीप नारायण दुबे, निराला सिंह, सचिन कुमार मेहता, मनोज कुमार मेहता, मेघनाथ मिस्त्री, जयपाल यादव, बी. मेहता, राजेंद्र राय, रितेश पांडे, माया देवी, अनीता देवी और संगीता देवी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे.
