Ranchi: झारखंड कांग्रेस ने छात्र हित, MMDR Bill 2026 और चंदा चोरी के मुद्दे को लेकर सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने की घोषणा की है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि पार्टी इन मुद्दों को राजधानी तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि जिला और प्रखंड स्तर तक आंदोलन को ले जाएगी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों की मांगों के साथ मजबूती से खड़ी है. उनके अनुसार, इंडिया गठबंधन, राहुल गांधी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी छात्रों के मुद्दों को लेकर गंभीर हैं. सरकार की ओर से परीक्षा से जुड़ी गड़बड़ियों पर कार्रवाई की जा रही है और जांच के दौरान कई लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है.

27 अगस्त से जिलों में शुरू होगा आंदोलन
कांग्रेस ने आंदोलन के लिए चरणबद्ध कार्यक्रम तय किया है. 27 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा. इसके बाद 7 सितंबर को लोक भवन के समक्ष प्रदेश स्तरीय धरना आयोजित किया जाएगा. वहीं, 9 से 16 सितंबर तक प्रखंड स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा. प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों को कार्यक्रमों से जोड़कर आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा.
MMDR Bill और चंदा चोरी पर सड़क से सदन तक लड़ाई
केशव महतो कमलेश ने कहा कि छात्रों के समर्थन में देश के अलग-अलग हिस्सों में भी आवाज उठाई गई है. अब झारखंड में इस अभियान को और मजबूत किया जाएगा. उन्होंने कहा कि MMDR Bill 2026 और चंदा चोरी के मुद्दे को कांग्रेस विधानसभा से लेकर सड़क तक उठाएगी. जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जा सकता है. उन्होंने आर्थिक नाकेबंदी जैसे कदम पर भी आगे फैसला लेने की बात कही. पार्टी का कहना है कि छात्रों और जनता से जुड़े इन मुद्दों को मजबूती से उठाकर सरकार पर जवाब देने का दबाव बनाया जाएगा.

