Giridih: गावां थाना क्षेत्र के गावां–सतगावां मुख्य पथ स्थित जोड़ासिमर गांव के समीप दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. एक बेकाबू अर्टिगा कार सड़क किनारे बैठे लोगों को रौंदते हुए केला के पेड़ से जा टकराई. हादसा इतना भीषण था कि कार के नीचे दो लोग दब गए, जिन्हें ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला. घटना में जोड़ासिमर निवासी 50 वर्षीय सरयू सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 28 वर्षीय श्रीकांत सिंह, 35 वर्षीय निरंजन सिंह और 60 वर्षीय भीम राजवंशी घायल हो गए. सभी घायलों को तत्काल गावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. चिकित्सक डॉ. नौशाद आलम ने सरयू सिंह को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप से घायल श्रीकांत सिंह और निरंजन सिंह को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर कर दिया गया जबकि भीम राजवंशी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई.
यह भी पढ़ें : नारी सुरक्षा पर आर-पार: दोषियों को मिले फांसी, भाजपा का उग्र आंदोलन ऐलान
ग्रामीणों का हंगामा
घटना की सूचना मिलते ही गावां थाना प्रभारी जय प्रकाश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. लेकिन पुलिस के देर से पहुंचने से नाराज ग्रामीणों ने पुलिस वाहन पर पथराव कर दिया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया. स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गई. हालांकि स्थानीय मुखिया अजय साव और अन्य समाजसेवियों के हस्तक्षेप के बाद ग्रामीणों को शांत कराया गया. इधर, हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने अर्टिगा चालक बबलू यादव (नगवां निवासी) को पकड़कर एक घर में बंधक बना लिया और मुआवजे की मांग को लेकर मुख्य सड़क को जाम कर दिया. सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई.

यह भी पढ़ें : PM मोदी का होगा संबोधन : आज रात 8.30 बजे प्रधानमंत्री राष्ट्र को करेंगे संबोधित, देशभर की नजरें टिकी
काफी मशक्कत के बाद हटाया गया जाम
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. वहीं विधायक प्रतिनिधि मुन्ना सिंह, शेखर पासवान, उमेश साव, मरगूब आलम समेत कई जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने में जुटे रहे. काफी मशक्कत और बातचीत के बाद करीब 5 घंटे के बाद जाम को हटाया जा सका. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.
