Giridih : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) झारखंड प्रदेश की ओर से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर गिरिडीह स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में भव्य छात्र सम्मेलन का आयोजन किया गया. सम्मेलन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, युवा और भाजपा पदाधिकारी शामिल हुए.
डॉ. मुखर्जी के आदर्शों से प्रेरणा लें युवा
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ. भाजपा प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्र निर्माण, शिक्षा और राष्ट्रीय एकता के प्रति समर्पण का प्रतीक है तथा युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए . कार्यक्रम प्रभारी एवं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो. विनीता ने विद्यार्थियों से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ शिक्षा, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा ज्ञान, संस्कार और नेतृत्व क्षमता के साथ आगे बढ़ेंगे.
राष्ट्रभक्ति, समाज सेवा का छात्रों ने लिया संकल्प
पूर्व जिलाध्यक्ष और पूर्व महापौर प्रकाश सेठ ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार आज भी युवाओं के लिए मार्गदर्शक हैं. उनके आदर्शों को अपनाकर आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य को गति मिल सकती है. सम्मेलन के दौरान विद्यार्थियों ने राष्ट्रभक्ति, समाज सेवा और जनजागरण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया. कार्यक्रम का संचालन पूर्व नगर अध्यक्ष हरमिंदर सिंह बग्गा ने किया.

इनकी रही मौजूदगी
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष एवं वर्तमान देवघर जिला प्रभारी यदुनंदन पाठक, जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी, ई. विनय सिंह, जिलामहामंत्री संदीप डेंगेच, सिंकू सिन्हा, देवराज, अजय सिन्स, सुरेश मंडल, अनुप सिन्हा, राजेश जायसवाल, संतोष गुप्ता, मनोज संघई, अमित आर्या, सरिता शर्मा, बबली साव, रामबाबू साव, श्रेयांश सौरभ सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे. कार्यक्रम के अंत में जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया. समापन “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अमर रहें” के उद्घोष के साथ हुआ.



