Giridih: जिलें में जमीन और मकान बेचने के नाम पर 1 करोड़ 69 लाख 67 हजार 1 रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है. कृष्णानगर निवासी राजीव रंजन की शिकायत पर पचंबा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. शिकायत के अनुसार, उन्होंने अपने तीन साथियों के साथ मकतपुर बरगंडा स्थित श्यामकुंज के पास जमीन और मकान खरीदने का सौदा किया था. 19 जून 2022 को 2.25 करोड़ रुपये में बिक्री का एग्रीमेंट हुआ था, जिसमें पहले 51 लाख रुपये एडवांस दिए गए. इसके बाद अलग-अलग किस्तों में कुल 1,69,67,001 रुपये आरोपी अनूप कुमार राय को दिए गए.
जन्म से पहले की वसीयत दिखाकर किया दावा
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अनूप कुमार राय ने संपत्ति पर अपना अधिकार साबित करने के लिए 10 दिसंबर 1976 की रजिस्टर्ड वसीयत दिखाई. लेकिन दस्तावेजों की जांच में उसकी जन्मतिथि 22 जुलाई 1978 पाई गई. यानी जिस वसीयत के आधार पर उसने संपत्ति पर दावा किया, वह उसके जन्म से पहले की थी. इसी आधार पर उससे कथित तौर पर करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप है. जांच में यह भी सामने आया कि जिस संपत्ति का सौदा किया गया था, उसका एग्रीमेंट पहले ही रामदेव सिंह के साथ हो चुका था. इस संपत्ति को लेकर विवाद पहले से नगर थाना और एसडीएम कोर्ट में लंबित है.
गुप्त सूचना पर आरोपी गिरफ्तार
मामले की जांच के दौरान पचंबा पुलिस को आरोपी के जमुआ थाना क्षेत्र के टीकामघा में होने की सूचना मिली. इसके बाद गुरुवार देर शाम पुलिस ने छापेमारी कर अनूप कुमार राय को उसकी कार सहित गिरफ्तार कर लिया. शुक्रवार को पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ झारखंड समेत कई राज्यों में धोखाधड़ी के 40 से अधिक मामले दर्ज हैं. मामले में आगे की जांच जारी है.
ALSO READ: पिता के जन्मदिन पर बेटी ने दी सफलता की सौगात, NEET UG 2026 में 596 अंक से बढ़ाया गिरिडीह का मान
