Giridih: प्रस्तावित नवादा-गिरिडीह रेल परियोजना को देवरी प्रखंड मुख्यालय से जोड़ने की मांग अब जनआंदोलन का रूप लेती जा रही है. इसी कड़ी मे घसकरीडीह पंचायत स्थित घसकरीडीह मध्य विद्यालय परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई जिसमें ‘देवरी के लिए रेल अभियान को और अधिक व्यापक बनाने तथा सिग्नेचर अभियान को तेज करने का निर्णय लिया गया.
आज भी बेहतर परिवहन सुविधाओं से वंचित है
बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि देवरी प्रखंड वर्षों से विकास की मुख्यधारा से कटकर रह गया है. नक्सल प्रभावित एवं आदिवासी बहुल इस क्षेत्र की बड़ी आबादी आज भी बेहतर परिवहन सुविधाओं से वंचित है. ऐसे में प्रस्तावित नवादा-गिरिडीह रेल मार्ग को देवरी प्रखंड मुख्यालय से न जोड़ना क्षेत्र के लाखों लोगों के साथ अन्याय होगा. वक्ताओं ने कहा कि रेल संपर्क केवल आवागमन का साधन नहीं बल्कि क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक विकास का आधार होता है. रेल सुविधा मिलने से स्थानीय किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और रोजगार की तलाश में बाहर जाने वाले युवाओं को काफी लाभ मिलेगा. साथ ही क्षेत्र में निवेश और पर्यटन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी.

यह मांग पूरी तरह जायज है
युवा प्रतिनिधि अनिल चौधरी और मनीष चौधरी ने कहा कि देवरी के लोगों की यह मांग पूरी तरह जायज है और इसे अब किसी भी कीमत पर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के गांव-गांव जाकर लाखों लोगों के हस्ताक्षर एकत्र किए जाएंगे और इसे सांसद के माध्यम से केंद्र सरकार तथा रेलवे मंत्रालय तक पहुंचाया जाएगा. उन्होंने कहा, “यह केवल एक मांग नहीं, बल्कि देवरी के अधिकार और सम्मान की लड़ाई है. जब तक देवरी को रेल नेटवर्क से नहीं जोड़ा जाएगा, तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा. जनता का समर्थन लगातार बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में यह अभियान और मजबूत होगा.” बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सिग्नेचर अभियान को पंचायत स्तर से आगे बढ़ाकर पूरे प्रखंड में चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके. उपस्थित लोगों ने एकजुट होकर देवरी को रेल सुविधा से जोड़ने के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया.
रेल सुविधा की मांग को लेकर आंदोलन निर्णायक चरण की ओर बढ़ रहा
बैठक की शुरुआत युवाओं द्वारा सामूहिक योगाभ्यास से की गई, जिसे एकता, अनुशासन और सकारात्मक सोच का प्रतीक बताया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता सोरेन कोड़ा ने की, जबकि संचालन चंदन हाजरा ने किया. इस अवसर पर अनिल चौधरी, मनीष चौधरी, प्रकाश पंडित, रंजीत राय, सुनील राई, श्यामसुंदर दास, उस्मान अंसारी (जिला परिषद सदस्य), अजीत शर्मा (पंचायत समिति सदस्य), रामकिशुन हाजरा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे. बैठक से यह स्पष्ट संदेश निकलकर सामने आया कि देवरी क्षेत्र के लोग अब अपनी उपेक्षा को स्वीकार करने के मूड में नहीं हैं और रेल सुविधा की मांग को लेकर आंदोलन निर्णायक चरण की ओर बढ़ रहा है.
AlsoRead:दो IPS के पोस्टेड होने के बाद भी आठ महीने से SCRB की वेबसाइट ठप, गायब हैं राज्य में अपराध के आंकड़े


