Dheeraj Singh
Ranchi : केंद्रीय और राज्य की जांच एजेंसियां पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप और गैंगस्टर सुजित सिन्हा से पूछताछ करने वाली है. यह मामला ड्रोन के जरिए हथियार की सप्लाई से जुड़ा हुआ है. अमृतसर में ड्रोन के जरिए हथियार सप्लाई किया जा रहा था. जिसे बीएफएफ की टीम और पंजाब पुलिस ने बरामद किया था. पाकिस्तान में बैठे प्रिंस खान के इशारे पर यह हथियार सप्लाई किया जा रहा था. इस हथियार को झारखंड भेजने की तैयारी थी. जिसके बाद कई आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बनी. जांच एजेंसी को इस बात की जानकारी मिली है कि जेल में बंद पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप, गैंगस्टर सुजित सिन्हा और प्रिंस खान सभी आपस में संपर्क में है. सीमा पार से हथियारों की तस्करी और देश विरोधी नेटवर्क के खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसियों ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. झारखंड के जेलों में बंद पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप और गैंगस्टर सुजीत सिन्हा पर शिकंजा कसने की तैयारी है. इस पूछताछ के बाद आतंकी-गैंगस्टर गठजोड़ के कई बड़े राज खुलने की उम्मीद है.

मास्टरमाइंड प्रिंस खान पाकिस्तान से चला रहा नेटवर्क
ड्रोन से हथियार सप्लाई में इस बात की जानकारी मिली है कि इस पूरे नेटवर्क के तार पाकिस्तान से जुड़े हैं. धनबाद का भगोड़ा और मौजूदा समय में पाकिस्तान में बैठा गैंगस्टर प्रिंस खान इस साजिश का मुख्य सूत्रधार है. प्रिंस खान पाकिस्तान में बैठे वहीं से अपना गिरोह चला रहा है. पाकिस्तानी हैंडलर के जरिए सभी बड़े आपराधिक गिरोह संपर्क में है. वहीं से रंगदारी, हत्या जैसे संगीन वारदात को अंजाम दिला रहा है. प्रिंस खान ने ही पाकिस्तान में बैठे हथियार तस्करों की मदद से अमृतसर सीमा पर ड्रोन के जरिए हथियारों की खेप भिजवाई थी. इस हथियार को झारखंड में सक्रिय आपराधिक गिरोहों व अन्य संगठनों तक पहुंचाया जाना था.
जेल से चल रहा था नेटवर्क
सुरक्षा एजेंसियों को अंदेशा है कि राज्य की अन्य जेलों में बंद दिनेश गोप और सुजीत सिन्हा के गुर्गे बाहर इस नेटवर्क को संभाल रहे थे. वहीं, रंगदारी और हत्याओं के दर्जनों मामलों में बंद सुजीत सिन्हा के शूटरों तक इन आधुनिक हथियारों की डिलीवरी की जानी थी, ताकि राज्य में बड़ी आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया जा सके.
एक सप्ताह पहले अमृतसर से बरामद हुआ हथियार
अमृतसर में भारत-पाक सीमा के निकट बीएसएफ और पंजाब पुलिस ने एक सप्ताह पहले हथियार का जखीरा बरामद किया था. जिसे पाकिस्तानी ड्रोन के जरिए गिराया गया था. इस खेप में एक एके-47 राइफल, 25 अत्याधुनिक पिस्तौल समेत कई सामान बरामद हुआ था.
ALSO READ : झारखंड के 5 लाख से अधिक किसानों का डेटा हुआ लॉक, 4.82 लाख को मिली कर्ज से मुक्ति


