Giridih : धनवार थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए डिस्कवरी होटल में चल रहे अवैध गतिविधियों का खुलासा किया है. खोरीमहुआ के एसडीपीओ SDPO अमरेंद्र कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से होटल में छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान होटल के एक कमरे से दो युवक और दो युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिले. जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. कार्रवाई के दौरान होटल संचालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया. जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. पुलिस के अनुसार, होटल में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी. इसी सूचना के आधार पर धनवार पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से होटल में छापेमारी की. छापेमारी के दौरान होटल के अलग-अलग कमरों की तलाशी ली गई. जहां से चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाना लाया गया. अनैतिक गतिविधियों की पुष्टि होने के बाद मजिस्ट्रेट अभिषेक कुमार की मौजूदगी में देर शाम होटल डिस्कवरी को सील कर दिया गया.
होटल के मैनेजर प्रदीप साहू से पूछताछ
एसडीपीओ SDPO अमरेंद्र कुमार ने बताया कि मौके से कई आपत्तिजनक सामान भी जब्त किए गए हैं और पूरे मामले की गहन जांच चल रही है. पुलिस ने होटल के मैनेजर प्रदीप साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पूछताछ में यह जानकारी सामने आई कि होटल का संचालन अनिल साव कर रहा था. हालांकि छापेमारी की भनक लगते ही वह मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.

होटल के रजिस्टर समेत सभी चीजों की हो रही जांच
पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों युवकों और दोनों युवतियों से पूछताछ कर रही है. जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि कथित देह व्यापार का संचालन कब से किया जा रहा था. इसमें होटल प्रबंधन की क्या भूमिका थी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता कितनी है. पुलिस होटल के रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों की भी जांच कर रही है ताकि पूरे मामले का खुलासा किया जा सके.
अन्य होटल और लॉज की हो सकती है जांच
इधर, होटल संचालक के फरार होने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि फरार संचालक की गिरफ्तारी के बाद कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं. उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. इस कार्रवाई के बाद प्रशासन ने जिले के अन्य होटल, लॉज, गेस्ट हाउस और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की भी जांच करने का संकेत दिया है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सभी होटल संचालकों को आगंतुकों का पहचान पत्र दर्ज करना, रिकॉर्ड का संधारण करना और निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा. नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
अवैध गतिविधियों की जानकारी साझा करें आमजन
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि अगर उनके आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध या अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो बिना किसी हिचकिचाहट के इसकी सूचना स्थानीय थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें. पुलिस का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई और आगे की जानकारी सार्वजनिक की जाएगी.


