Ranchi: राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. अस्पताल परिसर में हाल ही में लगाए गए 1,417 नए सीसीटीवी कैमरों में से 1,414 कैमरे बंद पड़े हैं. ऐसे में पूरे परिसर की निगरानी व्यवस्था लगभग ठप हो गई है. जानकारी के अनुसार, करोड़ों रुपये की लागत से अत्याधुनिक सीसीटीवी सिस्टम और कंट्रोल रूम बनाया गया है. दावा था कि यह कंट्रोल रूम 24 घंटे संचालित होगा, लेकिन हकीकत में यहां अक्सर कोई ऑपरेटर मौजूद नहीं रहता. कंट्रोल रूम में लगे माइक्रोफोन और अस्पताल परिसर में लगाए गए स्पीकर भी इस्तेमाल नहीं हो रहे हैं. मौके पर केवल एक सुरक्षा गार्ड तैनात रहता है, जबकि बाकी कंट्रोल रूम खाली नजर आता है.

यह भी पढ़ें: झारखंड सरकार ने देवघर और बासुकीनाथ के हवाई दर्शन के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की, श्रद्धालुओं में उत्साह

रिम्स प्रशासन ने कहा- हैंडओवर नहीं किया गया
बताया जा रहा है कि यह पहली बार नहीं है. लंबे समय से कंट्रोल रूम और निगरानी व्यवस्था प्रभावी तरीके से काम नहीं कर रही है. पहले लगे सैकड़ों पुराने सीसीटीवी कैमरों की जगह अब नए कैमरे लगाए गए हैं, लेकिन वे भी फिलहाल चालू नहीं हो सके हैं. इस मामले में रिम्स प्रशासन का कहना है कि जिस एजेंसी को सीसीटीवी लगाने का काम दिया गया है, उसने अभी तक पूरे सिस्टम का औपचारिक हैंडओवर नहीं किया है. इसी कारण कैमरों के संचालन में परेशानी आ रही है. रिम्स प्रशासन ने बताया कि संबंधित एजेंसी के कर्मचारियों को बुधवार को बुलाया गया है. उम्मीद है कि प्राथमिकता के आधार पर तकनीकी खामियों को दूर कर जल्द ही सभी कैमरों को चालू कर दिया जाएगा. फिलहाल अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था कैमरों के बंद रहने के कारण सवालों के घेरे में है.


