गिरिडीह: रॉन्ग कॉल से शुरू हुआ प्रेम संबंध बना मौत की वजह, शादी से इनकार पर महिला की संदिग्ध मौत, आरोपी गिरफ्तार

Giridih: जिले के बिरनी थाना क्षेत्र के जनता जरीडीह पंचायत अंतर्गत गरडीह गांव की 35 वर्षीय सरिता देवी की संदिग्ध मौत मामले...

Giridih Birni
गिरफ्तार आरोपी

Giridih: जिले के बिरनी थाना क्षेत्र के जनता जरीडीह पंचायत अंतर्गत गरडीह गांव की 35 वर्षीय सरिता देवी की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी किशोर दास उर्फ किशोर रविदास को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले के खुलासे में पुलिस ने बताया कि मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को बोकारो जिले के नावाडीह क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है.

शादी करने से इनकार करने पर महिला ने खा लिया जहरीला पदार्थ 

पुलिस के अनुसार, सरिता देवी और आरोपी किशोर दास के बीच अप्रैल 2026 में एक रॉन्ग कॉल के जरिए बातचीत शुरू हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और यह बातचीत प्रेम संबंध में बदल गई. जांच के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि 4 जुलाई को दोनों बिरनी में मिले थे और एक किराए के कमरे में ठहरे थे. पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि मुलाकात के दौरान सरिता देवी ने उस पर शादी करने का दबाव बनाया. आरोपी के अनुसार, जब उसने शादी से इनकार किया तो महिला ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया. इसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी.

पुलिस का कहना है कि आरोपी महिला को बचाने के लिए पहले स्थानीय स्तर पर इलाज कराने ले गया. हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में ले जाया गया. बाद में चिकित्सकों ने महिला को गिरिडीह रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.

महिला का शव टेम्पो में रखकर फरार हो गया आरोपी 

पुलिस के अनुसार, महिला की मौत के बाद आरोपी घबरा गया. उसने शव को एक टेम्पो में रखकर महिला के घर के पास छोड़ दिया और मौके से फरार हो गया. घटना के बाद पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी तरीके से जांच शुरू की. मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन ट्रैकिंग और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान हुई और उसकी तलाश शुरू की गई. लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने आरोपी किशोर दास उर्फ किशोर रविदास को बोकारो जिले के नावाडीह क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर यह स्पष्ट किया जाएगा, कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई. पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: रांची: वरिष्ठ आजसू नेता कृष्ण कुमार महतो का निधन, सुदेश कुमार महतो ने जताया गहरा शोक

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *