Ranchi: केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड (CUJ) में मेस से जुड़ी समस्याओं को लेकर चल रहा छात्रों का आंदोलन फिलहाल खत्म हो गया है. देर रात करीब 2 बजे विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्रों के बीच बातचीत हुई. इसके बाद छात्रों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल वापस लेने का फैसला किया. आंदोलन के दौरान भूख हड़ताल पर बैठे दो छात्रों ने भी अपना अनशन समाप्त कर दिया. प्रशासन ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि मेस, खाने की गुणवत्ता और शुल्क से जुड़े मामलों पर छात्रहित में उचित फैसला लिया जाएगा.

कुलपति छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से करेंगे बातचीत
अब इस मामले में आज शाम 5 बजे विश्वविद्यालय में अहम बैठक होगी. कुलपति खुद छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत करेंगे. माना जा रहा है कि बैठक में मेस की मौजूदा व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता और बढ़े हुए शुल्क को लेकर विस्तार से चर्चा होगी. छात्रों ने साफ किया है कि वे बातचीत के जरिए अपनी मांगों का समाधान चाहते हैं. प्रशासन के आश्वासन के बाद फिलहाल आंदोलन रोक दिया गया है.
ALSO READ: हजारीबाग: चलती स्कॉर्पियो से बाहर निकलकर रील बनाना पड़ा भारी, युवक की मौत, चालक गिरफ्तार

