Gumla: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची के सत्यापन और मैपिंग प्रक्रिया को पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन से सभी मतदान केंद्रों पर अनमैप्ड मतदाताओं की सूची सार्वजनिक रूप से चस्पा करने की मांग की है. जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजनील तिग्गा के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों ने विधानसभा एवं लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान पार्टी नेताओं ने पाया कि अधिकांश बूथों पर अनमैप्ड मतदाताओं की सूची प्रदर्शित नहीं की गई है, जिससे मतदाताओं को अपने नाम और मैपिंग की स्थिति की जानकारी नहीं मिल पा रही है. कांग्रेस के जिला अध्यक्ष ने बताया कि इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव कुमार से बातचीत कर आग्रह किया गया है कि प्रत्येक बूथ पर अनमैप्ड मतदाताओं की सूची अनिवार्य रूप से चस्पा कराई जाए, ताकि मतदाता स्वयं अपनी स्थिति की जांच कर सकें और किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर समय रहते उसका सुधार कराया जा सके. पार्टी का कहना है कि एसआईआर के दौरान मतदाता सूची का सत्यापन बेहद संवेदनशील प्रक्रिया है. ऐसे में पारदर्शिता और जनभागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है. यदि अनमैप्ड मतदाताओं की सूची सार्वजनिक नहीं होगी तो कई पात्र मतदाता जानकारी के अभाव में सूची से संबंधित त्रुटियों को दूर नहीं कर पाएंगे.
यह भी पढ़ें: झारखंड T20 लीग में जामताड़ा के क्रिकेटरों का जलवा, जिला क्रिकेट संघ से 6 खिलाड़ियों का चयन

कांग्रेस नेताओं ने बूथों का किया दौरा
कांग्रेस नेता ने कहा कि जिले भर में पार्टी के बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) और प्रखंड अध्यक्षों ने बूथों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया है. निरीक्षण के दौरान कहीं भी अनमैप्ड मतदाताओं की सूची प्रदर्शित नहीं मिली. इसे लेकर पार्टी ने चिंता जताते हुए प्रशासन से तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची की मैपिंग प्रक्रिया पूरी सतर्कता और सजगता के साथ कराई जानी चाहिए, ताकि किसी भी योग्य मतदाता का नाम छूटने या गलत तरीके से दर्ज होने की संभावना न रहे. उन्होंने प्रशासन से बूथ स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने तथा बीएलओ को आवश्यक निर्देश देने की भी मांग की. निरीक्षण के दौरान कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष रोहित उरांव, जिला महासचिव रूपेश कुमार सन्नी, नगर अध्यक्ष जय सिंह सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे. कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह एसआईआर प्रक्रिया पर लगातार नजर रखेगी और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाएगी.
