Jamtara: झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) की ओर से पहली बार इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की तर्ज पर आयोजित की जा रही झारखंड T20 लीग (J-T20) के पहले सीजन की नीलामी शनिवार को जमशेदपुर शहर के NH-33 स्थित वेव इंटरनेशनल होटल में शानदार तरीके से संपन्न हुई. इस भव्य टूर्नामेंट के सभी मुकाबले राजधानी रांची के प्रतिष्ठित JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जाएंगे.

इस नीलामी में जामताड़ा जिले का दबदबा देखने को मिला, जहां जिले के 6 होनहार क्रिकेटरों पर फ्रेंचाइजियों ने लाखों रुपये खर्च किए. जामताड़ा शहर के प्रिंस अनुराग मुर्मू को रांची टाइटंस ने 2.40 लाख रुपये में खरीदा. वहीं रांची टाइटंस ने जामताड़ा के ओम सिंह और मुकेश कुमार को भी अपनी टीम में शामिल किया, जिन्हें 50-50 हजार रुपये में खरीदा गया.
इन खिलाड़ियों पर भी लगी बोली
हृतिक आनंद को जमशेदपुर स्टीलर्स ने 50 हजार रुपये में खरीदा, जबकि राम रोशन शरण को धनबाद डायमंड ने 3.25 लाख रुपये में अपनी टीम का हिस्सा बनाया. वहीं अविनाश कुमार को छोटा नागपुर टीम ने 50 हजार रुपये में खरीदा.
जामताड़ा जिला क्रिकेट संघ की ओर से सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी गईं. संघ ने उम्मीद जताई कि सभी खिलाड़ी इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर जामताड़ा का नाम पूरे राज्य में रोशन करेंगे.
ALSO READ: चतरा-हजारीबाग रोड पर टला बड़ा हादसा
